त्योहारी सीजन में पंचकूला वासी बिजली कटों से परेशान, कर्मचारियों की हड़ताल के चलते डगमगाई व्यवस्था
पंचकूला में त्योहारों के सीजन में बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल के कारण लोग बार-बार बिजली कटौती से परेशान ...और पढ़ें

बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बिजली कटों से पंचकूला के लोग परेशान। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
पंचकूला में त्योहारों के दौरान बिजली कटौती से लोग परेशान।
बिजली कर्मचारी निजीकरण, पैरेलल लाइसेंस का कर रहे विरोध।
तीन दिवसीय हड़ताल से बिजली आपूर्ति व्यवस्था हुई बाधित।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। त्योहार की सीजन है और पंचकूला वासी बिजली कटों से परेशान हैं। इस परेशानी का सबसे बड़ा कारण बिजली कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से व्यवस्था का डगमगाना है।
हरियाणा में बिजली विभागों के निजीकरण और निजी कंपनी को बिजली वितरण का पैरेलल लाइसेंस देने के विरोध में बिजली कर्मचारियों ने मोर्चा खोल हुआ है। हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बुधवार से प्रदेशभर में तीन दिवसीय हड़ताल शुरू हो गई।
22 से 24 अक्टूबर तक चलने वाली इस हड़ताल के पहले दिन पंचकूला की पावर काॅलोनी में बिजली कर्मचारियों और अधिकारियों ने एकत्रित होकर निजीकरण की नीतियों के खिलाफ रोष जताया और सरकार से अपनी मांगों पर बातचीत करने की अपील की।
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के बीच पंचकूला में बिजली की आंख-मिचौली से लोग परेशान हैं। बिजली बार-बार आ-जा रही है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली आपूर्ति में बार-बार हो रहे व्यवधान से लोगों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। हड़ताल के बीच बिजली व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है। ऐसे में लोगों की निगाहें बिजली विभाग पर टिकी हैं कि आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
