अपराध रोकने के लिए पंचकूला पुलिस का सर्च ऑपरेशन, 340 घरों की तलाशी; 46 बाइक्स जब्त
पंचकूला पुलिस ने पिंजौर के मढ़ावाला क्षेत्र में 'ऑपरेशन क्लीन-अप' चलाया। 340 घरों की तलाशी ली गई। इस दौरान 46 ...और पढ़ें

पिंजौर के मढ़ावाला क्षेत्र में शनिवार सुबह पंचकूला पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन-अप चलाया। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
मढ़ावाला में पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन-अप' अभियान चला।
11 टीमों के 80 जवानों ने स्निफर डाॅग्स के साथ ली तलाशी।
भांग, सुल्फा जैसे नशीले एवं प्रतिबंधित उत्पाद बरामद किए।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। पिंजौर के मढ़ावाला क्षेत्र में शनिवार सुबह पंचकूला पुलिस ने बड़े स्तर पर ऑपरेशन क्लीन-अप चलाकर संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की।
वर्मा काॅलोनी, बिहारी काॅलोनी और बंगला काॅलोनी में पुलिस की 11 विशेष टीमों के करीब 80 जवानों ने स्निफर डाॅग्स के साथ 340 घरों, झुग्गियों, दुकानों और वाहनों की गहन तलाशी ली।
इस दौरान पुलिस ने 46 बाइक्स कब्जे में लीं, जिनमें 17 बिना नंबर प्लेट की मिलीं, जबकि छह संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया। अभियान का नेतृत्व डीसीपी पंचकूला आइपीएस अदिति सिंह और डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने किया।
एसीपी क्राइम अमन कुमार की अगुवाई में एचएपी रिजर्व फोर्स, क्राइम ब्रांच की विभिन्न टीमों, पिंजौर थाना और मढ़ावाला चौकी की टीमें अभियान में शामिल रहीं। सुबह-सुबह अचानक बड़ी संख्या में पुलिस बल और स्निफर डाॅग्स के साथ हुई कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
किरयाना और पान की दुकानों पर भी छापेमारी
सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने क्षेत्र की किरयाना दुकानों और पानवाड़ी प्रतिष्ठानों को भी जांच के दायरे में लिया। पुलिस के अनुसार कुछ दुकानों से कूल लिप और भांग, सुल्फा जैसे नशीले एवं प्रतिबंधित उत्पाद बरामद किए गए। पुलिस ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी है। साथ ही इन उत्पादों के स्रोत का पता लगाकर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
किराएदारों का सत्यापन
पुलिस ने करीब 340 घरों और झुग्गियों में रहने वाले किराएदारों का सत्यापन किया। जिन किराएदारों का पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था, उनके मकान मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का उद्देश्य यह पता लगाना है कि कहीं किराए के मकानों या झुग्गियों की आड़ में आपराधिक या नशीली गतिविधि तो संचालित नहीं हो रही।
संदिग्ध गतिविधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा : पंकज नैन
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा। ऐसे इलाकों में लगातार सर्च और सत्यापन अभियान चलाए जाएंगे। पुलिस की कार्रवाई का असर जमीनी स्तर पर दिखाई दे रहा है। अवैध नशीले पदार्थों की जब्ती, संदिग्ध वाहनों की जांच और संदिग्ध लोगों का सत्यापन लगातार जारी रहेगा।
आपराधिक और असामाजिक गतिविधियों की आशंका वाले इलाकों में अभियान की शुरुआत कुछ दिन पहले एमडीसी क्षेत्र के सकेतड़ी से की गई थी। अब अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी व्यक्ति को किराए पर रखने या काम पर लगाने से पहले उसका पुलिस सत्यापन जरूर करवाएं। किसी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या नशीले पदार्थ की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
