कितने फिट हें पुलिसकर्मी और आपात स्थिति के लिए कितनी क्षमता? पंचकूला में हुई जनरल परेड
पंचकूला पुलिस लाइन में पुलिस बल की कार्यक्षमता, अनुशासन और शारीरिक दक्षता बढ़ाने के लिए जनरल परेड कराई गई। पुलिसकर्मियों ...और पढ़ें

पुलिसकर्मी रिफ्लेक्टर जैकेट का महत्व बताते एसीपी सुरेन्द्र सिंह।
HighLights
पुलिस लाइन में जनरल परेड का आयोजन किया गया।
पुलिसकर्मियों ने अनुशासन और शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया।
आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। पुलिस बल की कार्यक्षमता, अनुशासन और शारीरिक दक्षता को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन में सोमवार को जनरल परेड का आयोजन किया गया।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के फिट पुलिस विजन के तहत इस परेड में पुलिसकर्मियों ने अनुशासन, फिटनेस और बेहतर फील्ड रिस्पाॅन्स का परिचय दिया। परेड कमांडर एसीपी सुरेन्द्र सिंह ने परेड की सलामी ली।
जनरल परेड के दौरान पुलिस बल ने फिटनेस के महत्व को दर्शाते हुए सामूहिक दौड़ भी लगाई। सभी पुलिसकर्मियों ने दौड़ में भाग लेकर स्वस्थ, चुस्त-दुरुस्त और सक्रिय पुलिस बल का संदेश दिया।
परेड निरीक्षण के बाद एसीपी सुरेन्द्र सिंह ने ईआरवी, राइडर और ईआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आपात स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए कम से कम समय में घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिसकर्मियों को रिफ्लेक्टर जैकेट पहनने और ऐसे वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि रात के समय वाहनों की पर्याप्त दृश्यता बनी रहे और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
डीसीपी पंचकूला अदिति सिंह ने कहा कि जनरल परेड पुलिस बल के अनुशासन और कार्यकुशलता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। नियमित परेड से पुलिसकर्मियों में अनुशासन, शारीरिक फिटनेस, टीम भावना और ड्यूटी के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि पंचकूला पुलिस का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ हर परिस्थिति में आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सक्षम, सतर्क और संवेदनशील पुलिस बल के रूप में कार्य करना है।
