विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

70 की लक्ष्मी और 58 की कर्मजीत, पंचकूला पुलिस ने सोने का कड़ा चोरी करने पर पकड़ा; पंजाब में भी कई मामले दर्ज

Published: Sun, 04 Oct 2026 07:51 PM (IST)

पंचकूला पुलिस ने मनसा देवी मंदिर से सोने का कड़ा चोरी करने के आरोप में 70 वर्षीय लक्ष्मी कौर और ...और पढ़ें

पंचकूला पुलिस की हिरासत में चोरी की आरोपित बुजुर्ग महिलाएं।

पंचकूला पुलिस की हिरासत में चोरी की आरोपित बुजुर्ग महिलाएं।

HighLights

  1. मंदिर में भंडारे का भोग लगाने पहुंची महिला के हाथ से चोरी हुआ था कड़ा।

  2. पंचकूला पुलिस ने जीरकपुर क्षेत्र से दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया।

  3. आरोपितों ने अन्य महिलाओं के साथ मिलकर चोरी करने की बात कबूली।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। पंजाब के संगरूर की 70 वर्षीय लक्ष्मी कौर और मलेरकोटला निवासी 58 वर्षीय कर्मजीत कौर को पंचकूला पुलिस ने जीरकपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

 मनसा देवी काॅम्प्लेक्स स्थित पटियाला मंदिर में महिला के हाथ से करीब तीन तोले का सोने का कड़ा चोरी करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। दोनों के खिलाफ पंजाब में भी कई मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड पर लिया है।

एसीपी क्राइम अमन कुमार ने बताया कि 27 मार्चको पंचकूला सेक्टर-4 निवासी एक व्यक्ति ने मनसा देवी काॅम्प्लेक्स थाने में शिकायत दी थी कि वह अपनी पत्नी के साथ 26 मार्च को सुबह मनसा देवी स्थित पटियाला मंदिर में भंडारे का भोग लगाने पहुंचे थे। वहां पत्नी के हाथ में पहना करीब तीन तोले का सोने का कड़ा चुरा लिया गया।

मामले की जांच करते हुए क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने सूचना के आधार पर जीरकपुर क्षेत्र से लक्ष्मी कौर और कर्मजीत कौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अन्य महिलाओं के साथ मिलकर मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

महिलाओं के खिलाफ नशा तस्करी के मामले भी हैं दर्ज

पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के अनुसार जांच में यह भी सामने आया है कि लक्ष्मी कौर के खिलाफ चोरी, नशा तस्करी और शराब तस्करी से जुड़े करीब 10 मामले पहले से दर्ज हैं। कर्मजीत कौर के खिलाफ हेरोइन तस्करी और चोरी के चार मामले दर्ज हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और चोरी किए गए सोने के कड़े की बरामदगी के लिए जांच लगातार जारी है।