विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंचकूला पुलिस ने दबोचा कैथल का साइबर ठग, शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच दे बुजुर्ग से ठगे थे लाखों रुपये

Published: Thu, 01 Oct 2026 06:33 PM (IST)

पंचकूला पुलिस ने ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में 81 वर्षीय बुजुर्ग से 95 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक और ...और पढ़ें

पंचकूला पुलिस की हिरासत में साइबर ठगी का आरोपित।

पंचकूला पुलिस की हिरासत में साइबर ठगी का आरोपित।

HighLights

  1. पंचकूला पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग ठगी के आरोपी को गिरफ्तार किया।

  2. 81 वर्षीय बुजुर्ग से 95 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई थी।

  3. पुलिस ने पीड़ित को 54 लाख रुपये की रकम वापस दिलवाई।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर 81 वर्षीय बुजुर्ग से 95 लाख 21 हजार रुपये की साइबर मामले में पुलिस ने एक और साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया साइबर ठग विक्रम उर्फ विक्की हरियाणा के कैथल जिले का रहने वाला है। 

पंचकूला सेक्टर-20 साइबर थाना पुलिस की जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता से ठगी गई रकम में से 15 लाख रुपये आरोपित के बैंक खाते में आए थे। आरोपित को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार सेक्टर-6 पंचकूला बुजुर्ग को वाट्सएप के माध्यम से ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा दिया गया। आरोपितों ने उसे एक फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफाॅर्म से जोड़कर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करवानी शुरू कर दी।

शुरुआत में आरोपितों ने उसके खाते में मुनाफे की रकम वापस भेजी, जिससे उसका विश्वास बढ़ गया। इसके बाद अधिक मुनाफे का लालच देकर शिकायतकर्ता और उसकी पुत्रवधू के खातों से कुल 95,21,560 रुपये अलग-अलग खातों में जमा करवा लिए गए।

जब शिकायतकर्ता ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपितों ने उससे और पैसे जमा करवाने की मांग की। इसके बाद शिकायतकर्ता को अपने साथ हुए साइबर फ्राॅड का पता चला और उसने पुलिस को शिकायत दी।

8 अक्टूबर 2025 दर्ज केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।  जांच के दौरान सामने आया कि शिकायतकर्ता से फ्राड की गई रकम की 15 लाख रुपये 6 सितंबर 2025 को आरोपित विक्रम उर्फ विक्की के बैंक खाते में पहुंचे थे। वहीं पुलिस ने मामले में 54 लाख रुपये रिकवर कर पीड़ित को वापस भी दिलवाए हैं।

चार आरोपित पहले गिरफ्तार

इस मामले में गुरदीप सिंह उर्फ दीपू डाबला निवासी हिसार, मनजीत सिंह निवासी हिसार, मानशवी ढोचक निवासी सोनीपत, और अनूप कुमार निवासी दिल्ली को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि साइबर फ्राड के मामलों में पंचकूला पुलिस का जोर आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ-साथ पीड़ितों की ठगी गई रकम वापस दिलवाने पर भी है।

54 लाख बुजुर्ग काे दिलवाए जा चुके वापस

इस मामले में शिकायतकर्ता को अब तक 54 लाख रुपये वापस दिलवाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी तथा फ्रॉड की शेष रकम की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। साइबर अपराधियों के पूरे नेटवर्क का पता लगाकर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।