विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंचकूला में सरकारी जमीन और फुटपाथ कराए खाली, त्योहारी सीजन के चलते अतिक्रमण पर एक्शन

Published: Fri, 16 Oct 2026 04:59 PM (GMT+05:30)

पंचकूला में पीएमडीए ने बुढ़नपुर सहित राजीव कॉलोनी और इंदिरा कॉलोनी में फुटपाथों और सड़क किनारे से अवैध कब्जे हटाए। ...और पढ़ें

पंचकूला में फुटपाथों से अतिक्रमण हटाया गया।

पंचकूला में फुटपाथों से अतिक्रमण हटाया गया।

HighLights

  1. पीएमडीए ने पंचकूला में अवैध कब्जे हटाए।

  2. फुटपाथों और सड़क किनारे से अतिक्रमण साफ किया।

  3. यातायात व्यवस्था सुधारने को वाहनों के चालान काटे।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। पंचकूला में सरकारी जमीन और सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण (पीएमडीए) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। राजीव कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी और सेक्टर-16 स्थित गांव बुढ़नपुर में सड़कों के किनारे और फुटपाथों पर किए गए अनधिकृत अतिक्रमण हटाए गए।

ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए सड़क पर खड़े वाहनों के चालान भी किए गए। जिला नगर योजनाकार अजमेर सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराना और आमजन को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत दिलाना रहा।

कार्रवाई के दौरान संबंधित क्षेत्रों में सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। यातायात पुलिस ने सड़क पर खड़े वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की, ताकि यातायात बाधित न हो।

ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल रहा मौजूद

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट गुरमीत सिंह, पीएमडीए के कार्यकारी अभियंता और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर अनधिकृत कब्जा करने और अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे सरकारी भूमि पर कब्जा न करें और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध निर्माण से बचें। साथ ही, सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।