हरियाणा के पहाड़ी क्षेत्र मोरनी में बिजली संकट, अफसरों की मनमानी के खिलाफ ग्रामीणों ने लगाया जाम
पंचकूला के मोरनी हिल्स क्षेत्र में बिजली की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने पलासरा-रायपुररानी मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप है।

ग्रामीणों ने पलासरा-रायपुररानी मार्ग पर जाम लगाया।
HighLights
ग्रामीणों ने बिजली समस्या के समाधान के लिए सड़क जाम की।
कम वोल्टेज और नए ट्रांसफार्मर की मांग प्रमुख है।
अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप, स्थायी समाधान की मांग।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। मोरनी हिल्स क्षेत्र में बिजली की समस्या से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा वीरवार को फूट पड़ा। ग्रामीणों ने पलासरा-रायपुररानी मार्ग पर जाम लगाकर बिजली निगम के खिलाफ रोष जताया।
ग्रामीणों की मुख्य मांग क्षेत्र में वोल्टेज की समस्या का समाधान करने और नया ट्रांसफार्मर लगाने की है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले काफी समय से क्षेत्र के तीन गांवों में बिजली की समस्या बनी हुई है।
कम वोल्टेज के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष समस्या उठाई जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एक होटल के लिए ट्रांसफार्मर लगाया गया है, जबकि तीन गांवों के लोगों की बिजली संबंधी समस्या को दूर करने के लिए नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जा रहा। इसी बात को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।
मौके पर पहुंची पुलिस
जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से बातचीत की। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक बिजली की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता और नया ट्रांसफार्मर लगाने की दिशा में कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनकी नाराजगी बनी रहेगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली निगम से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए तथा क्षेत्र में वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
