दिखाता था मर्सिडीज, लगाता था कढ़ी-चावल का ठेला! ऑनलाइन निवेश के नाम पर लोगों से ठगे 8 करोड़ रुपये
पंचकूला में कढ़ी चावल की रेहड़ी लगाने वाले राजेश उर्फ नाना ने ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी की।

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है
HighLights
कढ़ी चावल विक्रेता राजेश उर्फ नाना निकला ठगी का मास्टरमाइंड
ऑनलाइन निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की
साइबर क्राइम पुलिस ने 8 करोड़ से अधिक के घोटाले का खुलासा किया
जागरण संवाददाता, पंचकूला। कढ़ी चावल की रेहड़ी लगाने वाले राजेश उर्फ नाना ने ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की। साइबर क्राइम पुलिस की जांच में कथित तौर पर आठ करोड़ रुपये से अधिक के निवेश घोटाले का खुलासा हुआ है।
पुलिस जांच के अनुसार राजेश को उसके दोस्त प्रमोद कंबोज ने ब्लूम कंपनी नामक पोर्टल से जोड़ा था। उसने शुरुआत में 7,500 रुपये लगाए। कंपनी बंद होने के बाद उसने दूसरी स्कीम में दो लाख रुपये निवेश किए और इसके बाद वह कथित तौर पर निवेशकों का नेटवर्क खड़ा करने में जुट गया।
चंडीगढ़, मोहाली और अन्य शहरों में सेमिनार आयोजित कर लोगों को निवेश के लिए जोड़ा गया। अधिक नेटवर्क बनाने पर राजेश को कंपनी में सीनियर प्रोजेक्ट हेड की जिम्मेदारी मिलने की बात सामने आई है।
राजेश ने किया मर्सिडीज का दावा
राजेश ने दावा किया था कि कंपनी की ओर से उसे मर्सिडीज कार गिफ्ट की गई और उसने कम समय में दो करोड़ रुपये कमाए। आरोपितों की लग्जरी लाइफस्टाइल भी निवेशकों को आकर्षित करने का जरिया बनी।
शुरुआत में बाइक से आने वाले आरोपित बाद में आडी और बीएमडब्ल्यू जैसी महंगी गाड़ियों में पहुंचने लगे। इसी दिखावे से प्रभावित होकर कई कारोबारी और पढ़े-लिखे लोग भी कथित निवेश योजना में पैसा लगाते चले गए। पुलिस ने पीड़ितों के नुकसान की भरपाई की अनुमति के लिए अदालत में अर्जी दी है।
एप पर 30 लाख बन जाते थे 68 लाख रुपये
जांच में सामने आया कि आरोपितों ने ब्लूम ड्राइव, एलपीएनटी क्रिप्टोकरेंसी एमएसवीपी (मेटा सायल वर्से प्लान) और सायल वर्से जैसे नामों से प्लेटफार्म तैयार किए थे। आरोप है कि एप पर निवेश की रकम और रिटर्न के आंकड़ों में हेरफेर कर छह महीने में 30 लाख रुपये के निवेश को 68 लाख रुपये तक दिखाया जाता था। निवेशकों को दुबई में फ्लैट और प्लाट दिलाने का लालच भी सामने आया है।
