विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंचकूला के नाइट क्लब में पुलिस इंस्पेक्टर का हंगामा, मारपीट और युवतियों के वीडियो बनाने का आरोप

Published: Tue, 29 Sep 2026 04:20 PM (IST)

पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित एबीए क्लब में एक पुलिस इंस्पेक्टर पर शराब के नशे में हंगामा करने का आरोप लगा ...और पढ़ें

क्लब स्टाफ का आरोप है कि पुलिस टीम के सदस्य सादे कपड़ों में पहुंचे और उनके पास हथियार भी थे।

क्लब स्टाफ का आरोप है कि पुलिस टीम के सदस्य सादे कपड़ों में पहुंचे और उनके पास हथियार भी थे।

HighLights

  1. इंस्पेक्टर अजीत पर क्लब में हंगामा, स्टाफ से बदसलूकी का आरोप।

  2. शेफ से मारपीट और क्लब में युवतियों के वीडियो बनाने का आरोप।

  3. क्लब प्रबंधन ने घटना की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। सेक्टर-5 स्थित एबीए क्लब में रात को क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर के हंगामा करने का मामला सामने आया है। क्लब प्रबंधन और स्टाफ ने इंस्पेक्टर अजीत पर शराब के नशे में क्लब में पहुंचकर स्टाफ से बदसलूकी, शेफ के साथ मारपीट करने और क्लब में मौजूद युवतियों व ग्राहकों की वीडियो बनाने के आरोप लगाए हैं।

क्लब स्टाफ का दावा है कि इंस्पेक्टर के साथ बाद में सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी भी क्लब में पहुंचे थे। क्लब स्टाफ के अनुसार, इंस्पेक्टर अजीत रात को पहले अकेले क्लब पहुंचे। स्टाफ के साथ चेकिंग को लेकर कहासुनी हुई।

आरोप है कि इसके बाद उन्होंने फोन कर अपनी टीम को मौके पर बुला लिया। क्लब स्टाफ का कहना है कि पुलिस टीम के सदस्य सादे कपड़ों में क्लब में पहुंचे और उनके पास हथियार भी थे।

शेफ से मारपीट और वीडियो बनाने का आरोप

स्टाफ ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान क्लब के शेफ के साथ मारपीट की गई। इसके बाद इंस्पेक्टर क्लब के अंदर फ्लोर की तरफ गए और वहां मौजूद युवतियों की वीडियो बनाने लगे। क्लब प्रबंधन के अनुसार, उस समय करीब 10 युवतियां वहां मौजूद थीं। स्टाफ ने जब इसका विरोध किया तो विवाद और बढ़ गया।

क्लब स्टाफ ने मामले की सूचना सेक्टर-5 थाना पुलिस को दी। कुछ देर बाद थाना प्रभारी संदीप कुमार भी मौके पर पहुंचे। स्टाफ का आरोप है कि इसके बावजूद विवाद काफी देर तक चलता रहा और करीब दो घंटे बाद पुलिस टीम क्लब से गई।

सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपी

क्लब प्रबंधन ने पुलिस को घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सौंपने की बात कही है। प्रबंधन के अनुसार, फुटेज में इंस्पेक्टर के पहले अकेले क्लब के बाहर खड़े होने और फोन करने के बाद पुलिसकर्मियों के वहां पहुंचने की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं।

क्लब प्रबंधन का दावा है कि इसके बाद करीब पांच पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में क्लब के अंदर पहुंचे। स्टाफ के अनुसार, सीसीटीवी में पुलिसकर्मियों द्वारा क्लब में मौजूद लोगों की वीडियो बनाने की तस्वीरें भी दिखाई दे रही हैं। इनमें एक पुलिसकर्मी के नंगे पैर क्लब परिसर में घूमने का दृश्य भी होने का दावा किया गया है।

क्लब के पास रात तीन बजे तक संचालन का लाइसेंस

क्लब प्रबंधन का कहना है कि उसके पास रात तीन बजे तक क्लब और बार संचालित करने का परमिट और लाइसेंस है। घटना वाली रात क्लब में सूफी संगीत का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था।

प्रबंधन का आरोप है कि घटना के बाद कई कर्मचारी डर के कारण काम छोड़कर चले गए हैं। सेक्टर-5 थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि क्लब स्टाफ की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है, जिसमें मारपीट सहित अन्य आरोप लगाए गए हैं।