विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सैन्य अधिकारी से पत्नी के अफेयर का शक, जासूस से फोन हैक कराने का आरोप; पति समेत तीन पर पंचकूला में FIR

Published: Mon, 21 Sep 2026 07:45 PM (IST)

पंचकूला पुलिस ने एक व्यक्ति और उसके दो कर्मचारियों के खिलाफ पत्नी के मोबाइल और लैपटॉप का डेटा चोरी कराने ...और पढ़ें

पत्नी के मोबाइल और लैपटाॅप का डेटा चोरी कराने तथा निजी जानकारी हासिल करने के आरोप में एफआईआर। (सांकेतिक फोटो)

पत्नी के मोबाइल और लैपटाॅप का डेटा चोरी कराने तथा निजी जानकारी हासिल करने के आरोप में एफआईआर। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. पति पर पत्नी का फोन हैक करने का आरोप।

  2. सैन्य अधिकारी से अफेयर के शक में डेटा चोरी।

  3. पुलिस ने पति व दो कर्मचारियों पर केस दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। पत्नी के एक सैन्य अधिकारी से अफेयर होने के शक में उसके मोबाइल और लैपटाॅप का डेटा चोरी कराने तथा निजी जानकारी हासिल करने के आरोप में पंचकूला पुलिस ने एक व्यक्ति और उसके दो कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस ने यह कार्रवाई पत्नी की शिकायत पर चार महीने से अधिक समय बाद की है। शिकायत के अनुसार, महिला और उसका पति वित्तीय निवेश संबंधी सलाह और योजनाओं का कारोबार करते थे। दोनों ने चंडीमंदिर मिलिट्री स्टेशन से ओंकार फाइनेंशियल सर्विसेज संचालित की और कई सैन्य अधिकारी व कर्मचारी उनके ग्राहक थे।

वर्ष 2022 में वैवाहिक विवाद के बाद दोनों अलग रहने लगे, लेकिन कारोबार में बराबर के साझेदार बने रहे। पत्नी पर सेना के एक मेजर रैंक के डाॅक्टर के साथ संबंध होने का शक जताते हुए पति ने अगस्त 2024 में वेस्टर्न कमांड में शिकायत दी थी।

इसके बाद सेना ने कोर्ट ऑफ इंक्वायरी गठित की। जांच के दौरान महिला के पति ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उन्होंने निजी जासूसों के माध्यम से पत्नी की काॅल डिटेल हासिल की और क्विकस्पाई नामक वेबसाइट/साॅफ्टवेयर के जरिए सीसीटीवी फुटेज व काॅल रिकाॅर्डिंग प्राप्त की।

उन्होंने पत्नी की कार और घर में निगरानी उपकरण लगाने की बात भी स्वीकार की। सेना की कोर्ट ऑफ इंक्वायरी ने दिसंबर 2024 में सैन्य अधिकारी को क्लीनचिट देते हुए कहा था कि महिला के पति की ओर से पेश कॉल रिकॉर्डिंग और वीडियो क्लिप तीसरे पक्ष से प्राप्त थे तथा मूल डिजिटल सामग्री पेश नहीं की गई थी। इसके बाद दंपती ने जुलाई 2025 में आपसी सहमति से तलाक ले लिया।

सितंबर 2025 में महिला ने पंचकूला अदालत में मानहानि का मामला दायर किया। अदालत के आदेश पर सेना ने कोर्ट ऑफ इंक्वायरी की रिपोर्ट पेश की। इसके आधार पर उन्होंने 9 मई को हरियाणा पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया कि उनके मोबाइल और लैपटॉप में स्पाइवेयर डालकर निजी और ग्राहकों से संबंधित डेटा हासिल किया गया।

पंचकूला के पुलिस आयुक्त पंकज नैन ने बताया कि फोन में स्पाइवेयर डाउनलोड होने पर पूरा डिवाइस प्रभावित हो सकता है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, केस में डेटा चोरी और निजता भंग करने के आरोपों की जांच जारी है।

आरोपित ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि पुलिस ने अभी उनसे संपर्क नहीं किया है और वह खुद मानसिक परेशानी से गुजरे हैं। वहीं, साइबर विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह के मामलों में डिवाइस में स्पाइवेयर इंस्टॉल होने के बाद निजी डेटा तक पहुंच बनाई जा सकती है।

विवाह संबंधी विवादों से जुड़े अधिवक्ता अभिषेक सिंह राणा ने भी ऐसे मामलों में फोन की कॉपी या व्हाटसएप को दूसरे डिवाइस से लिंक किए जाने की घटनाओं का उल्लेख किया।