विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फौजी की पत्नी बचाएगी लोगों की जिंदगी, ब्रेन डेड के बाद अंगदान करने का फैसला; पुलिस ने बनाए 2 ग्रीन-कॉरिडोर

Published: Thu, 10 Sep 2026 10:42 AM (IST)

सेना के जवान की पत्नी संजू गुर्जर के ब्रेन डेड होने के बाद परिवार ने अंगदान का साहसिक फैसला लिया।

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।

HighLights

  1. सेना के जवान की पत्नी संजू गुर्जर ने किया अंगदान

  2. किडनी रोहतक और हृदय चंडीगढ़ एयरपोर्ट भेजा गया

  3. पंचकूला पुलिस ने दो ग्रीन कॉरिडोर बनाकर रास्ता साफ किया

जागरण संवाददाता, पंचकूला। किसी परिवार के लिए अपनों को खोने का दर्द और उसी क्षण किसी दूसरे व्यक्ति को नया जीवन मिलने की उम्मीद। मंगलवार को पंचकूला में मानवता और संवेदनशीलता की ऐसी ही मिसाल देखने को मिली।

कमांड अस्पताल चंडीमंदिर में एक आर्मी कर्मी की पत्नी को ब्रेन डेड घोषित किए जाने के बाद परिवार ने अंगदान का साहसिक फैसला लिया। जीवनरक्षक अंगों को तय समय में गंतव्य तक पहुंचाने के लिए पंचकूला पुलिस ने दो अलग-अलग ग्रीन कॉरिडोर बनाकर चंद मिनटों में रास्ता साफ कराया।

डीसीपी अदिति सिंह के अनुसार महिला की एक किडनी को पीजीआइएमएस रोहतक भेजा गया। इसके लिए चंडीमंदिर से पंचकूला होते हुए रोहतक तक विशेष ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया।

चंडीगढ़ एयरपोर्ट तक दूसरा ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया

वहीं हृदय को आगे निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाने के लिए कमांड अस्पताल से चंडीगढ़ एयरपोर्ट तक दूसरा ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया गया।

फोर्टिस अस्पताल की हार्ट रिट्रीवल टीम अंग लेकर एयरपोर्ट रवाना हुई। पुलिस ने चंडीमंदिर से पुराना पंचकूला होते हुए जीरकपुर सीमा तक यातायात को नियंत्रित किया।

एसएचओ ट्रैफिक वरिंदर कुमार की अगुवाई में पुलिस टीमों ने पूरे मार्ग पर विशेष निगरानी रखी, ताकि एंबुलेंस को कहीं रुकना न पड़े। दोनों मार्ग अलग-अलग जिलों से जुड़े होने के कारण संबंधित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से भी समन्वय किया गया।

कौन हैं संजू गुर्जर, जिनके अंगदान से बचेंगी जिंदगियां

कमांड अस्पताल के कमांडेंट हरकीरत सिंह के मुताबिक, 30 वर्षीय संजू गुर्जर राजस्थान के भीलवाड़ा की रहने वाली थीं। वह पैरा स्पेशल फोर्स से सेवानिवृत्त सैनिक की बेटी और राजपूत रेजीमेंट में नायक के पद पर तैनात सनावर लाल की पत्नी थीं। मंगलवार को ब्रेन हेमरेज के बाद परिजन उन्हें चंडीमंदिर स्थित आर्मी कमांड अस्पताल लेकर पहुंचे।

यह भी पढ़ें- ब्रेन डेड महिला के अंगों ने 6 घरों में लौटाई खुशियां, 240 KM तक बना ग्रीन कॉरिडोर; लिवर दिल्ली तो रोहतक पहुंची किडनी