पंचकूला फायरिंग से खुला अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेररिज्म नेटवर्क का राज, हरियाणा ATS ने 7 आरोपी किए गिरफ्तार
पंचकूला के अलिफ लैला क्लब में हुई फायरिंग की जांच ने हरियाणा में एक अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेररिज्म नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।

पंचकूला फायरिंग से खुला अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेररिज्म नेटवर्क का राज (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
पंचकूला फायरिंग जांच से अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेररिज्म नेटवर्क का खुलासा
हरियाणा एटीएस ने सात आरोपितों को गिरफ्तार कर हेरोइन बरामद की
नेटवर्क सीमा पार से ड्रोन द्वारा हथियार, मादक पदार्थ भेजता था
जागरण संवाददाता, पंचकूला। सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला क्लब में फायरिंग की वारदात की जांच ने हरियाणा में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेररिज्म नेटवर्क की परतें खोल दी हैं।
हरियाणा एंटी टेररिस्ट स्क्वायड (एटीएस) ने इस मामले में अब तक सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एटीएस ने आरोपितों के कब्जे से एक स्कार्पियो, एक मोटरसाइकिल, यूएस निर्मित पिस्टल, एक 30 बोर पिस्टल, तीन कैश काउंटिंग मशीन, पांच मोबाइल फोन, 12 जिंदा राउंड और 529 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
बता दें कि 13 सितंबर को पांच युवक दो अलग-अलग गाड़ियों में क्लब पहुंचे थे। शराब पीने के दौरान किसी बात पर विवाद हुआ, जिसके चलते एक आरोपित ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग की।
गोली लगने से एक युवती घायल हो गई थी। प्रारंभ में तीन आरोपितों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य आरोपितों को लुधियाना और मोहाली से पकड़ा गया। एटीएस के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने इस मामले में मंगलवार को प्रेस कान्फ्रेंस कर वारदात का राजफाश किया।
जांच में पता चला कि आरोपित एक ऐसे नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे, जो सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से मादक पदार्थों और हथियारों की खेप को स्थानीय लोगों के जरिए पहुंचाता था। सिंगला के अनुसार, नेटवर्क के कुछ हैंडलर अमेरिका में बैठे हैं, जो स्थानीय आरोपितों को रहने की जगह, वाहन और पैसे उपलब्ध कराते थे।
