दूध के टैंकर देखते ही पंचकूला के DC ने लगवाई ब्रेक, पंजाब से आ रही सप्लाई की होगी जांच
उपायुक्त सतपाल शर्मा ने पंचकूला में पंजाब से आ रहे दूध के टैंकरों को रोककर गुणवत्ता की जांच के आदेश ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, पंचकूला। जिले में दूध और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। मंगलवार सुबह रामगढ़ के समीप मानक्या गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब उपायुक्त सतपाल शर्मा ने अचानक निरीक्षण करते हुए पंजाब नंबर के दूध से भरे वाहनों को रुकवा लिया।
वाहनों में दूध के कंटेनर मिले। वहीं दूध की सप्लाई के लिए शहर की ओर जा रही बिना नंबर प्लेट वाली कुछ मोटरसाइकिलें भी जांच के दौरान सामने आईं। उपायुक्त ने मौके पर ही जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी को दूध के सैंपल लेने और उन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजने के निर्देश दिए।
अधिकारियों के अनुसार, वाहन चालकों ने पूछताछ में बताया कि वे पंजाब से दूध लेकर आ रहे हैं और जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जानी है।
दूध में मिलावट मिली तो होगी सख्त कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला जांच में दूध में किसी प्रकार की मिलावट या गुणवत्ता संबंधी कमी सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
वहीं बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को लेकर भी उपायुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने आरटीए अधिकारियों को ऐसे वाहनों के चालान करने और नियमानुसार उन्हें इंपाउंड करने के निर्देश दिए।
त्योहारी सीजन में मिठाइयों पर भी प्रशासन की नजर
मानक्या गांव में निरीक्षण के बाद उपायुक्त सतपाल शर्मा रायपुररानी पहुंचे। यहां उन्होंने विभिन्न मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया और मिठाइयों के साथ दूध एवं दूध से बने उत्पादों की गुणवत्ता की जांच का जायजा लिया। उन्होंने दुकानदारों को साफ-सफाई, स्वच्छता और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण के निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि त्योहारी सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष निगरानी जरूरी है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि हाल ही में पंचकूला के प्रमुख मिठाई विक्रेताओं के साथ बैठक कर उन्हें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और दुकानों में स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग और निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
