विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंचकूला में 22 साल का शातिर गिरफ्तार, मजबूरी का हवाला दे लिए दोस्तों के बैंक खाते; ट्रांसफर करवाए लाखों रुपये

Published: Tue, 15 Sep 2026 04:23 PM (IST)

पंचकूला पुलिस ने एक 22 वर्षीय शातिर को गिरफ्तार किया है, जिसने दोस्तों के बैंक खातों का इस्तेमाल कर साइबर ठगी की लाखों रुपये की रकम मंगवाई।

पंचकूला पुलिस ने गिरफ्तार किया साइबर ठग। (सांकेतिक तस्वीर)

पंचकूला पुलिस ने गिरफ्तार किया साइबर ठग। (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. मूलरूप से सोनीपत का रहने वाला, पिंजौर में रह रहा था।

  2. सात बैंक खातों का दुरुपयोग कर आठ लाख की धोखाधड़ी।

  3. आरोपी एटीएम से पैसे निकालता था, मोबाइल फोन बरामद।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। पुलिस ने 22 साल के एक ऐसे शातिर को गिरफ्तार किया है, जिसने मजबूरी का हवाला देकर दोस्तों के बैंक खाते और एटीएम कार्ड लेकर उनमें साइबर ठगी के लाखों रुपये मंगवाई। 

शातिर विशाल कुमार मूलरूप से हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है और पिंजौर में रह रहा था। साइबर अपराध पर अंकुश लगाने और म्यूल बैंक खातों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

साइबर थाना सेक्टर-20 की जांच में संदिग्ध बैंक खातों से जुड़ी साइबर ठगी की शिकायतें सामने आई थीं। साइबर थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया कि विशाल ने अपने साथी के साथ मिलकर मजबूरी का हवाला देकर दोस्ती का फायदा उठाया।

दोस्तों को गुमराह कर बैंक खातों की जानकारी और एटीएम कार्ड हासिल किए गए। इन खातों में साइबर ठगी की रकम मंगवाकर एटीएम से निकाल ली जाती थी। अब तक सात बैंक खातों के दुरुपयोग और करीब आठ लाख रुपये की संदिग्ध साइबर ठगी की रकम सामने आई है।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान मोबाइल बरामद किया गया। उसे जेल भेज दिया गया, जबकि उसके साथी की तलाश जारी है।