विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिना लाइसेंस रेहड़ी-फड़ी लगाई तो सामान होगा जब्त, त्योहारी सीजन में व्यवस्था बनाए रखने को पंचकूला में सख्ती

Published: Tue, 27 Oct 2026 07:14 PM (IST)

पंचकूला नगर निगम ने त्योहारी सीजन में व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिना लाइसेंस वाले रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं पर शिकंजा कसना ...और पढ़ें

बिना लाइसेंस घूमने वाले रेहड़ी-फड़ी वालों पर सख्ती। (सांकेतिक फोटो)

बिना लाइसेंस घूमने वाले रेहड़ी-फड़ी वालों पर सख्ती। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. बिना लाइसेंस रेहड़ी-फड़ी पर पंचकूला निगम की कार्रवाई शुरू।

  2. त्योहारी सीजन में व्यवस्था हेतु सामान जब्त, पहचान पत्र अनिवार्य।

  3. वेंडिंग जोन में नियमों का पालन न करने पर भी सख्ती।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। त्योहारी सीजन में व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर की सड़कों और सेक्टरों की गलियों में बिना लाइसेंस घूमने वाले रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं पर नगर निगम ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बिना अनुमति रेहड़ी लगाने और निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका सामान जब्त किया जा रहा है।

सभी रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं के लिए पहचान पत्र बनवाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा उन्हें निर्धारित वर्दी और टोपी पहनकर ही काम करना होगा। निगम का उद्देश्य शहर में रेहड़ी-फड़ी व्यवस्था को व्यवस्थित करना और नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।

निगम की टीम शहर के अलग-अलग सेक्टरों में सुबह, दोपहर और शाम के समय अभियान चला रही है। जेपी एंटरप्राइजेज को वेंडिंग एवं मोबाइल-स्टेशनरी फीस लेने का कार्य सौंपा गया है। जेपी एंटरप्राइजेज द्वारा नियमित जांच भी की जाएगी कि कोई बिना पहचान पत्र रेहड़ी फड़ी तो नहीं लगा रहा है। टीम गलियों और अन्य स्थानों पर घूमकर रेहड़ी लगाने वालों की जांच कर रही है।

मंगलवार को भी विभिन्न सेक्टरों में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से घूम रही कई रेहड़ियों को जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ रेहड़ी संचालकों और सब्जी विक्रेताओं की निगम कर्मचारियों के साथ बहस भी हुई। निगम ने शहर के निर्धारित वेंडिंग जोन में बैठने वाले विक्रेताओं को भी नियमों के अनुसार वेंडिंग फीस जमा करवाने के निर्देश दिए हैं।

निगम की ओर से सेक्टर-20 में नई वेंडिंग साइट पर आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं। यहां जल्द ही वेंडिंग फीस वसूलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सेक्टर-20 में फिलहाल 50 वेंडर्स ही बैठ पाएं हैं, जबकि पात्र लगभग 300 वेंडर्स हैं, जिनको अभी जगह नहीं मिल पाई है और वेंडर्स नेताओं पर भेदभाव करने के भी आरोप लग रहे हैं।

नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य रेहड़ी-फड़ी कारोबार को निर्धारित नियमों के तहत संचालित करना और शहर की सड़कों व सेक्टरों की गलियों में अव्यवस्थित ढंग से लगने वाली रेहड़ियों पर नियंत्रण करना है। निगम की टीम ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान नियमों का पालन नहीं करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।