पंचकूला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सेशंस जज को आया ई-मेल; पुलिस ने परिसर करवाया खाली
पंचकूला जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जो सेशंस जज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गई थी। पुलिस ने परिसर खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया।
HighLights
पंचकूला जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिली।
सेशंस जज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया मेल।
पुलिस ने परिसर खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया, कुछ नहीं मिला।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। सेक्टर-1 स्थित जिला अदालत को वीरवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी भरा ई-मेल सेशंस जज की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजा गया।
सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। डीएसपी, एसपी सहित कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और कोर्ट परिसर को खाली कराते हुए सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया।
मौके पर बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाॅयड और विशेष पुलिस टीमें तैनात की गईं। कोर्ट के चप्पे-चप्पे, पार्किंग एरिया, रिकॉर्ड रूम, चैंबर और टॉयलेट की गहन जांच की गई। पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
डीसीपी ने कहा कि धमकी संबंधी सूचना मिलते ही निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के अनुसार त्वरित कार्रवाई की गई। कोर्ट परिसर की पूरी तरह जांच कर ली गई है और स्थिति पूर्णतः सुरक्षित है। पुलिस की साइबर सेल ईमेल के स्रोत और तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।
पिछले कुछ दिनों से पंचकूला, गुरुग्राम और चंडीगढ़ में हाईकोर्ट, नगर निगम और स्कूलों को भी इसी तरह के फर्जी धमकी भरे ई-मेल मिल रहे हैं। फिलहाल कोर्ट परिसर के प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत निगरानी बढ़ा दी गई है।
