पंचकूला में NRI पर हमला; लाठी-राॅड और धारदार हथियार लेकर SUV में आए हमलावर, लोगों की भीड़ देख भागे
पंचकूला के हरिपुर में कनाडा से लौटे एक युवक पर संपत्ति विवाद के चलते हमला किया गया। हमलावरों ने कार ...और पढ़ें

पंचकूला के हरिपुर में संपत्ति विवाद में चली गोली।
HighLights
कनाडा से लौटे युवक पर पंचकूला में जानलेवा हमला।
हमले का कारण संपत्ति विवाद बताया जा रहा है।
गोली चलाने का भी आरोप, पैर को छूकर निकली।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। सेक्टर-4 हरिपुर में शनिवार शाम एनआरआई पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। घायल एनआरआई बलविंदर सिंह ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने लाठी, राॅड और धारदार हथियारों से हमला करने के साथ उन पर गोली भी चलाई, जो उनके दाहिने हाथ को छूते हुए निकल गई। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में गोली लगने के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं।
कनाडा निवासी बलविंदर सिंह का सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है। उनके सिर, दोनों बाजुओं और पैर में चोटें आई हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मेडिकल जांच में गोली लगने के बजाय किसी धारदार हथियार से चोट लगने के निशान पाए गए हैं। मामले की पुष्टि के लिए विशेषज्ञों की राय भी ली जा रही है।
बलविंदर सिंह ने बताया कि वह दिसंबर 2025 में कनाडा से पंचकूला आए थे। उनका पत्नी के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार शाम वह घर के पास एक बाइक रिपेयरिंग की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान एक गाड़ी में सवार चार युवक पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपित मौके से फरार हो गए।
घटना की 57 सेकेंड की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही है। फुटेज में सफेद रंग की एसयूवी से चार युवक उतरते दिखाई दे रहे हैं। इनमें एक युवक के हाथ में पिस्तौल जैसी वस्तु नजर आ रही है, जबकि अन्य के पास लाठी और अन्य हथियार दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि वाहन पर पीछे की नंबर प्लेट भी नहीं थी।
पुलिस ने विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। साथ ही संपत्ति विवाद और पूर्व में मिली कथित धमकियों के पहलू की भी जांच की जा रही है। डीसीपी (कानून व्यवस्था एवं यातायात) अमरिंद्र सिंह का कहना है कि गोली नहीं चली है।
