'46000 से अधिक नौकरी, 14 हजार पदों पर भर्ती जल्द'; CM नायब सैनी बोले- शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की घोषणा की है। उन्होंने स्कूलों में ...और पढ़ें
-1792258852375_m.webp)
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी। फाइल फोटो
HighLights
250 सीएम-ईईई स्कूल और 900 स्कूलों में आईसीटी लैब।
मेडिकल कॉलेजों की संख्या 6 से बढ़कर 18 हुई।
10 लाख महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना से लाभ।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करेगी। स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं, उच्च शिक्षा के अवसर, मेडिकल कालेजों का विस्तार और जरूरतमंदों के लिए उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अनेक कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा के लिए पीएम-श्री की तर्ज पर 250 सीएम-ईईई स्कूल खोले गए हैं। 900 सरकारी स्कूलों में आइसीटी. लैब स्थापित करने की मंजूरी दी गई है। इससे बच्चों को पढ़ाई के साथ आधुनिक तकनीक सीखने के अवसर मिलेंगे।
प्रदेश में वर्ष 2014 तक केवल छह मेडिकल कालेज थे। अब इनकी संख्या बढ़कर 18 हो गई हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को पांच लाख रुपये सालाना तक निश्शुल्क इलाज की सुविधा दी जा रही है।
जल्द पूरी होगी 14 हजार पदों की भर्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि दो वर्षों में 46 हजार 500 नौकरियां दी गई हैं और 14 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी हो जाएगी। अनुबंधित कर्मचारियों, तकनीकी शिक्षा के अतिथि संकाय, कालेजों के एक्सटेंशन लेक्चरर और अतिथि प्राध्यापकों को सेवा सुरक्षा दी गई है।
पांच वर्ष से अधिक सेवा वाले कामन काडर ग्रुप-डी कर्मचारियों का लिपिक पद पर पदोन्नति कोटा 20 से बढ़ाकर 30 प्रतिशत कर दिया है। अग्निवीरों के लिए पुलिस कांस्टेबल, माइनिंग गार्ड, जेल वार्डर, फारेस्ट गार्ड, आइआरबी व एसडीआरएफ कांस्टेबल, फायर आपरेटर-कम-ड्राइवर तथा वाइल्ड लाइफ गार्ड के चिन्हित पदों की सीधी भर्ती में 20 प्रतिशत हारिजेंटल आरक्षण देने का निर्णय लिया है।
अग्निवीर नीति के दायरे में आने वाले ग्रुप-सी पदों की सीधी भर्ती में पूर्व अग्निवीरों को सभी प्रकार की परीक्षाओं से छूट दी गई है। सरकार ने पिछले दो वर्षों में 1319 पदक विजेता खिलाड़ियों को 147 करोड़ 16 लाख रुपये के नकद पुरस्कार दिए हैं। साथ ही 42 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां दी हैं।
10 लाख महिलाओं के खाते में पहुंची राशि
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की लाडो लक्ष्मी योजना से बहनों को आर्थिक ताकत मिली है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2,100 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। अब तक 10 लाख से अधिक लाभार्थी महिलाओं के खातों में 2466 करोड़ 63 लाख रुपये डाले जा चुके हैं।
अब सरकार ने इस योजना का दायरा बढ़ाकर इसमें 1 लाख 80 हजार रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों को भी शामिल कर लिया है। लखपति दीदी योजना के तहत दो लाख 92 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत 141 महिलाओं को प्रशिक्षण और निशुल्क ड्रोन दिए गए हैं। जल्द ही, 100 और महिलाओं को यह सुविधा दी जाएगी।
