Fight against Corona: अब पुलिस के निशाने पर डेरों और आश्रम में लॉकडाउन तोड़ने वाले लोग
हरियाणा में कोरोना के खिलाफ जंग में अब पुलिस के निशाने पर डेरों और आश्रम में जमा होकर लॉक डाउन तोड़ने वाले लोग हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। हरियाणा के डेरों, आश्रम, धर्मशालाओं और सार्वजनिक स्थानों पर जमा होकर लाॅकडाउन का उल्लंघन करने वाले लोग अब पुलिस के निशाने पर हैं। राज्य सरकार के निर्देश पर जिलों की पुलिस ऐसे सभी स्थानों पर पहुंचेगी तथा वहां रुकने वाले लोगों को होम शेल्टरों (आश्रय स्थलों) पर पहुंचाया जाएगा। कोरोना से बचाव के लिए जरूरी शारीरिक दूरी के नियमों का अनुपालन करने की मंशा ने सरकार ने यह फैसला लिया है।
इन स्थानों पर लोगों के जमावड़े से संक्रमण का खतरा, पुलिस बल का नहीं होगा इस्तेमाल
हरियाणा में राज्य सरकार ने 573 आश्रय स्थल बनाए हैं, जिनमें से 228 में 15 हजार 850 प्रवासी लोग रुके हुए हैं। इन आश्रय स्थलों में करीब 70 हजार लोगों के ठहराने के बंदोबस्त है। हालांकि जिलों से यह रिपोर्ट भी आ रही है कि आश्रय स्थलों की साफ-सफाई का कोई ध्यान नहीं रखा जा रहा तथा वहां बीमारियां फैलने की आशंका है, लेकिन राज्य के स्वास्थ्य सचिव राजीव अरोड़ा ने इस आरोप को खारिज किया है।
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक ने सभी जिला उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि सभी जिलों में डेरों, आश्रम, धर्मशालाओं और सार्वजनिक स्थानों पर जमा लोगों का जमावड़ा खत्म किया जाए। यह संकट और विपदा की घड़ी है। राज्य पुलिस को स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी के विरुद्ध बल का इस्तेमाल न किया जाए। लोगों को आराम और प्यार से समझाया जाए।
यदि कोई कानून का उल्लंघन करे और बात न माने तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। सार्वजनिक स्थलों पर जमावड़े को खत्म करने के पीछे यही मंशा है कि शारीरिक दूरी के मापदंडों को अपनाया जाए तथा कोरोना संक्रमण होने से बचाया जा सके।
20 हजार पुलिसकर्मी लड़ रहे कोरोना से लड़ाई
हरियाणा के गृह सचिव विजयवर्धन और पुलिस महानिदेशक मनोज यादव के अनुसार राज्य में करीब 20 हजार पुलिसकर्मी अंतरराज्यीय सीमाओं पर बने 162 नाकों पर तैनात हैं। उन्हें ड्यूटी में आराम दिया जा रहा है। साप्ताहिक आधार पर सभी के स्वास्थ्य की जांच की व्यवस्था की गई है।
राज्य पुलिस ने क्वारंटाइन और आइसोलेशन केंद्रों पर भी पुलिस बल तैनात किया है, ताकि कोई फरार न हो सके। कानून का उल्लंघन करने के आरोप में अभी तक 4539 शिकायतें आई हैं, जिनमें से 948 एफआइआर दर्ज कर 1374 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 5401 वाहनों के चालान काटे गए अथवा उन्हें जब्त किया गया है।
लॉकडाउन तोडऩे वाले की 100 नंबर पर शिकायत करें
हरियाणा के डीजीपी मनोज यादव ने दावा किया कि राज्य में 98 से 99 फीसदी लाकडाउन सफल है, लेकिन जहां एक या दो प्रतिशत कमी है, वह लोगों के सहयोग से ही पूरी हो सकती है। उन्होंने बताया कि यदि किसी जिले में किसी भी व्यक्ति को लगता है कि लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है तो वह 100 नंबर डायल कर सूचना दे सकता है। शिकायत मिलने पर उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध तुरंत कड़ी कार्रवाई की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
मनोज यादव के अनुसार किसानों को खेतों तक जाने आने में किसी तरह की दिक्कत नहीं है। इस बारे में कृषि विभाग जल्द ही दिशा निर्देश जारी करने वाला है। डीजीपी ने दावा किया कि हरियाणा पुलिस ने करीब पांच लाख लोगों के लिए भोजन व खानपान का बंदोबस्त किया है।