अब फुल होकर दौड़ेंगी हरियाणा रोडवेज की बसें, सभी सीटों पर बैठेंगे यात्री
अब हरियाणा रोडवेज की बसेंं पूरी यात्री क्षमता के साथ चलेंगी। हरियाणा रोडवेज की बसों में अब हर सीट पर यात्री बैठेंगे। इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
चंडीगढ़, जेएनएन। पंजाब की तरह हरियाणा में भी रोडवेज बसें सभी सीटों पर यात्री बैठाकर ही सड़कों पर दौड़ेंगी। कोरोना के कारण 14 मई से अधिकतम 30 सवारियां लेकर चल रही बसों में अब सभी 52 सीटों पर यात्री नजर आएंगे। किसी भी यात्री को खड़े होकर सफर नहीं करने दिया जाएगा। साथ ही स्वच्छता के नियमों का भी पालन करना होगा। हरियाणा रोडवेज काेरोना संकट के कारण हुए घाटे से उबरने के लिए यह कदम उठाया है। हरियाण सरकार इसके साथ ही अन्य राज्यों के लिए भी रोडवेज की बस सेवाएं शुरू करने की तैयारी कर रही है।
डेढ़ लाख के पार हुई रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की संख्या
परिवहन निदेशालय ने इस संबंध में सभी रोडवेज महाप्रबंधकों को आदेश जारी कर दिए हैं। रोडवेज की मिनी बसों में भी सभी 32 सीटों पर यात्री बैठाए जा सकेंगे। रोडवेज के लगातार बढ़ते घाटे और यात्रियों को निर्धारित स्थानों पर आने-जाने में परेशानी को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। रोडवेज की 3900 बसों में से फिलहाल एक तिहाई बसें ही सड़कों पर हैं।
मॉस्क पहने व्यक्ति को ही अनुमति, खड़े होकर नहीं कर सकेंगे सफर
प्रदेश में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की संख्या डेढ़ लाख से अधिक हो चुकी है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर अन्य बसों को भी सड़कों पर उतारा जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने परिवहन सचिव को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि बस में प्रत्येक यात्री मास्क पहने व हाथों को सेनेटाइज करें।
राजस्थान-उत्तर प्रदेश जा रहीं हरियाणा रोडवेज की 150 बसें
हरियाणा रोडवेज की बसें अभी दो राज्यों में चल रही हैं। इसके साथ ही अब दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और चंडीगढ़ के लिए बस सेवा शुरू करने के लिए पड़ोसी राज्यों के परिवहन अधिकारियों से फिर संपर्क साधा गया है। फिलहाल हरियाणा रोडवेज की 150 बसें राजस्थान व उत्तर प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर जा रही हैं।