उड़ता पंजाब की जगह अब उड़ता हरियाणा हो गया : अभय चौटाला
इनेलो प्रदेश महासचिव व ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने सोमवार को पिंजौर में किया संबोधित।
संवाद सहयोगी, पिजौर : इनेलो प्रदेश महासचिव व ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने सोमवार को शहर में पार्टी के जिला पंचकूला इकाई की बैठक को संबोधित किया। चौटाला ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा की सरकार के दो माह के कार्यकाल में भी हालात और ज्यादा खराब हो गए हैं। प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज आए दिन मुख्यमंत्री को चेतावनी दे देते हैं। वहीं इसको लेकर सरकारी अधिकारियों में असमंझस की स्थिति बनी हुई है कि वो किसकी बात सुने। इससे जनता के काम प्रभावित हो रहे हैं। अगर ऐसी सरकार लंबी चली तो लोगों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी हो जाएगी। इसलिए अब प्रदेश की जनता एक मजबूत विपक्ष की मांग करने लगी है। उन्होंने कहा कि वो लोग जो पार्टी छोड़कर चले गए थे, वे अब दोबारा जुड़ने लगे हैं। चौटाला ने कहा कि करीब एक वर्ष में पार्टी पहले से भी ज्यादा मजबूत खड़ी होकर जनता के हक की लड़ाई लड़ेगी। जीएसटी से दुखी व्यापारी वर्ग का कारोबार प्रभावित हुआ है। प्रदेश से बहुत से उद्योग दूसरे राज्यों में पलायन भी कर चुके हैं। कहा कि आगामी 18 जनवरी तक पार्टी की जिला व लोकल बॉडी का गठन किया जाएगा। हर कार्यकर्ता 10 से 15 मेंबरशिप करके लोगों को पार्टी से जोड़ेगा। नशे के मामले में हरियाणा नंबर वन
अभय चौटाला ने आरोप लगाते हुए कहा कि पहले पूरे देश में नशे के मामले में पंजाब सबसे आगे था, परन्तु अब हरियाणा सरकार की अनदेखी के कारण हरियाणा नशे में नंबर एक पर आ चुका है। अब उड़ता पंजाब की जगह उड़ता हरियाणा हो चुका है, सरकार ने इस पर गंभीरता इसलिए नहीं दिखाई, ताकि प्रदेश के युवा रोजगार न मांग ले। यह रहे मौजूद
इस दौरान इनेलो प्रदेश प्रधान नफे सिंह राठी, जिलाध्यक्ष सतिंद्र टोनी और जिला महिला विग प्रधान सीमा चौधरी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।