अब गन्ने लेकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक, भाजपा ने कहा- सरकंडे लेकर आए
हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन कांग्रेस विधायक गन्ने लेकर पहुंचे। सुरक्षा गार्डों ने उनके विधानसभा के अंदर गन्ना नहीं लग जाने दिया तो उन्होंने बाहर ही प्रदर्शन किया।
चंडीगढ़, [सुधीर तंवर]। पकौड़े की सियासत का खास असर नहीं होने के बाद हरियाणा विधानसभा के तीसरे दिन बुधवार को कांग्रेस विधायकों ने गन्ने को हथियार बनाया। हाथों में गन्ना लेकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायकों को मार्शलों ने परिसर में घुसने नहीं दिया तो उन्होंने पार्किंग के पास प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। बाद में विधानसभा के भीतर भी गन्ना किसानों की अनदेखी के मुद्दे पर खूब हंगामा हुआ और कांग्रेस विधायकों ने वाकआउट कर दिया।
गन्ना उत्पादक किसानों के मुद्दे पर हंगामा, कांग्र्रेस ने किया वाकआउट
बुधवार सुबह विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायक करण सिंह दलाल, कुलदीप शर्मा, आनंद सिंह दांगी, गीता भुक्कल, रघुबीर कादियान, जगबीर मलिक व ललित नागर हाथों में गन्ने लेकर पहुंचे। कांग्रेस विधायकों ने आरोप जड़ा कि सरकार गन्ने की खरीद नहीं कर रही, जिस कारण किसान उत्तर प्रदेश में अपना गन्ना बेचने को मजबूर हैं।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस विधायकों ने लगाई पकौड़े की दुकान, सीएम बने ग्राहक, मंत्री बोले- क्वालिटी
सरकार का पलटवार, कांग्रेस के पास नहीं बचा कोई मुद्दा
गन्ने के साथ विधानसभा में नहीं घुसने देने पर कांग्रेस विधायक ने स्पीकर कंवरपाल गुर्जर के सामने आपत्ति जताई। इस पर चुटकी लेते हुए स्पीकर ने कहा कि विधानसभा में पकौड़ों और गन्ने का क्या काम। इन चीजों की तो बाहर ही अधिक सेल होगी। कांग्रेसियों ने सरकार पर किसानों का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया। हालांकि किसानों से जुड़े मुद्दे पर भी खूब चुटकियां ली गईं।
हरियाणा विधानसभा परिसर में गन्ने लेकर प्रदर्शन करते कांग्रेस विधायक।
मंत्रियों के पलटवार से बैकफुट पर आए कांग्रेस विधायक
सदन में जब कांग्रेस विधायक गन्ना को लेकर हमलावर होने की कोशिश में थे, तभी कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने विधायकों के गन्ने की क्वालिटी पर ही उन्हें घेर लिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में इतना कमजोर गन्ना नहीं होता। कांग्रेस ये गन्ने चंडीगढ़ में किसी नर्सरी से उखाड़ कर लाए हैं। दांगी ने जब धनखड़ का विरोध शुरू किया तो कृषि मंत्री ने मुद्दे को और हवा देते हुए कहा कि कांग्रेसियों के इस गन्ने का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। संसदीय कार्यमंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने तो यहां तक कह दिया कि कांग्रेसी गन्ने नहीं सरकंडे उठा लाए हैं।
यह भी पढ़ें: बेटों ने मां पर किया दिल दहला देने वाला अत्याचार, पर पुलिस को शिकायत की दरकार
पोरी-पोरी खरीदेंगे : धनखड़
विपक्ष के आरोपों पर सदन में धनखड़ ने बताया कि राज्य में गन्ने का कुल उत्पादन करीब 12 करोड़ क्विंटल हुआ। इसमें से आठ करोड़ 80 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई हो चुकी। राज्य की शुगर मिलें इस बार एक माह पहले चलाई गईं और तब तक इन मिलों को चलाया जाएगा जब तक कि किसानों के गन्ने की पोरी-पोरी की पिरोई नहीं हो जाती। उन्होंने कहा कि हरियाणा पूरे देश में किसानों को गन्ने का सर्वाधिक मूल्य दे रहा है।