विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में काम न करने वाले कांग्रेस अध्यक्षों पर गिरेगी गाज, संजय दत्त ने वेणुगोपाल को सौंपी रिपोर्ट

Published: Sat, 19 Sep 2026 02:07 AM (IST)

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात कर प्रदेश में चल रहे संगठनात्मक अभियान की विस्तृत रिपोर्ट दी।

हरियाणा कांग्रेस के संगठन की रिपोर्ट लेकर वेणुगोपाल से मिले संजय दत्त।

हरियाणा कांग्रेस के संगठन की रिपोर्ट लेकर वेणुगोपाल से मिले संजय दत्त।

HighLights

  1. संजय दत्त ने वेणुगोपाल को संगठनात्मक अभियान की विस्तृत रिपोर्ट दी

  2. जिला दौरों, ब्लॉक सम्मेलनों और मंडल मैपिंग की प्रगति बताई

  3. बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद के बीच प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल से मुलाकात कर प्रदेश में चल रहे संगठनात्मक अभियान की विस्तृत रिपोर्ट दी।

संजय दत्त ने जिला दौरों, विधानसभा-वार संवाद बैठकों, ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलनों और मंडल मैपिंग की प्रगति से वेणुगोपाल को अवगत कराया। दोनों नेताओं के बीच आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और अगले चरण की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।

केसी वेणुगोपाल के साथ संजय दत्त की मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला इकाइयों के प्रदर्शन की समीक्षा शुरू कर रखी है। 21 सितंबर तक आठ ब्लॉक में सम्मेलन आयोजित किए जाने हैं। इन सम्मेलनों का मुख्य फोकस बूथ और जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करना तथा कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद है।

संजय दत्त ने वेणुगोपाल को बताया कि आगामी चरण में अक्टूबर में जिला कांग्रेस सम्मेलन और नवंबर से प्रत्येक जिले में प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की योजना है। प्रशिक्षण के जरिए कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों, पार्टी के कार्यक्रमों और जमीनी स्तर पर संवाद के लिए तैयार करने पर जोर रहेगा। पार्टी का घोषित लक्ष्य जिला, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर पर सक्रिय, अनुशासित और प्रशिक्षित संगठन तैयार करना है।

तीन महीने में दिखाना होगा संगठनात्मक प्रदर्शन

गुरुग्राम में हुई जिला कांग्रेस कमेटियों की समीक्षा बैठक में संजय दत्त ने जिलाध्यक्षों से अगले तीन महीनों के लिए स्पष्ट और मापनीय लक्ष्य तय करने को कहा है। उनसे मंडल मैपिंग, ब्लॉक सम्मेलनों, एसआईआर से जुड़े कार्य, बूथ मतदाता सहायता केंद्रों और स्थानीय जनसमस्याओं पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

दत्त ने संकेत दिया कि निर्धारित संगठनात्मक मानकों पर अपेक्षित परिणाम नहीं देने वाले जिलों और ब्लॉक को संगठन सृजन अभियान के दूसरे चरण में समीक्षा के दायरे में लाया जा सकता है। इसमें मौजूदा संगठनात्मक नेतृत्व के प्रदर्शन की समीक्षा भी शामिल है।

केवल रिपोर्ट बनाने की बजाय परिणाम देने पर फोकस

कांग्रेस प्रभारी का कहना है कि जिला अध्यक्षों को केवल रिपोर्ट तैयार करने की बजाय संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित निगरानी और जमीनी स्तर पर परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही स्थानीय जनसमस्याओं की पहचान कर उन्हें उठाने और उनके समाधान के लिए जिला स्तर पर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है। आगामी ब्लॉक सम्मेलनों में संगठन विस्तार के साथ बेरोजगारी, महंगाई, कृषि, एसआईआर और अन्य स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा प्रस्तावित है।