हु्ड्डा ने कहा- हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी नहीं, सभी मिलकर लड़ेंगे लोकसभा चुनाव
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि हरियाणा कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है और सभी नेता मिलकर लाेकसभा चुनाव लड़ेंगे। हुड्डा ने इकबाल जैलदार को कांग्रेस में शामिल कराया।
नई दिल्ली, जेएनएन। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है। लोकसभा चुनाव सभी मिलकर लड़ेंगे और जीत हासिल करेंगे। इसके साथ ही हुड्डा के आवास पर मेवात के नेता इकबाल जैलदार कांग्रेस में शामिल हुए। जैलदार ने पिछला विधानसभा चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ा था।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राहुल गांधी से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष से हरियाणा की राजनीतिक हालत और लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि मंगलवार को होने वाली कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में अहम फैसले किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में हरियाणा समेत पूरे देश को लेकर अहम फैसले किए जाएंगे। यह पूछे जाने पर कि आपको हरियाणा में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है, हुड्डा ने कहा कि इस बारे में तमाम अधिकार कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के पास है। वह जिस नेता को जो जिम्मेदारी देंगे सभी को स्वीकार होगा।
हुड्डा ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है और सभी लोग एक होकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। भाजपा के लोकसभा चुनाव में हरियाणा की सभी 10 सीटें जीतने के दावे के बारे में कहा भाजपा सिर्फ दावे कर सकती है। चुनाव परिणाम इसके उलट होगी। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस जीत दर्ज करेगी