Move to Jagran APP

National Games: राष्ट्रीय खेलों में 18 स्वर्ण सहित 39 पदकों के साथ हरियाणा शीर्ष पर बरकरार

National Games राष्ट्रीय खेलों में भी हरियाणा की धमक बरकरार है। हरियाणा पदक तालिका में सबसे ऊपर है। भारोत्तोलन में दीपक लाठर ने 170 किलोग्राम भार उठाकर दिलाया पहला स्वर्ण पदक और साइक्लिंग ट्रैक इवेंट में बेटियों ने स्वर्ण और रजत पदक जीत श्रेष्ठता दिखाई।

By Jagran NewsEdited By: Kamlesh BhattPublished: Sun, 02 Oct 2022 07:20 PM (IST)Updated: Sun, 02 Oct 2022 07:20 PM (IST)
National Games: राष्ट्रीय खेलों में 18 स्वर्ण सहित 39 पदकों के साथ हरियाणा शीर्ष पर बरकरार
4 x 400 मीटर रिले दौड़ में स्वर्ण पदक विजेता हरियाणा की टीम। फोटो- डीडी स्पोटर्स के ट्विटर अकाउंट से

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। गुजरात में चल रहे 36वें राष्ट्रीय खेलों में भी हरियाणा की धाक बरकरार है। 18 स्वर्ण पदकों के साथ प्रदेश के खिलाड़ी पदक तालिका में लगातार शीर्ष पर बने हुए हैं। 12 रजत और नौ कांस्य पदक के साथ हरियाणा अभी तक 39 पदक जीत चुका है।

loksabha election banner

रविवार को हुए भारोत्तोलन के मुकाबले में हरियाणा को पहला स्वर्ण पदक मिला। 81 किलोग्राम भार वर्ग में दीपक लाठर ने 170 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, साइक्लिंग ट्रैक इवेंट में तनिक्षा खत्री ने स्वर्ण और प्राची लोहान ने रजत पदक जीता है।

10 मीटर पिस्टल में शिवा नरवाल ने रजत और डबल स्कल रोइंग में लड़कियों ने रजत पदक हासिल किया। फाइल फेंसिंग खेल में लड़कों की टीम ने रजत पदक जीतकर पदक तालिका में एक और पदक जोड़ दिया। परस्यूट ट्रैक साइकिलिंग इवेंट में लड़कियों की टीम ने भी रजत पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया है।

प्रतियोगिता में हरियाणा के 600 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। अभी तक प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुश्ती में सर्वाधिक नौ स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य पदक जीते हैं। शूटिंग में दो स्वर्ण और तीन रजत पदक, नेट बाल में दो स्वर्ण, एथलेटिक्स में दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक, रग्बी में एक स्वर्ण पदक, साइकिलिंग में एक स्वर्ण और दो रजत पदक, वेटलिफ्टिंग में एक स्वर्ण पदक, कबड्डी में दो कांस्य पदक और टेबल टेनिस में एक रजत पदक जीते हैं।

राष्ट्रीय खेलों का आयोजन गुजरात के छह शहरों अहमदाबाद, गांधीनगर, सूरत, वडोदरा, राजकोट और भावनगर में किया जा रहा है। देशभर के सात हजार एथलीट 36 विभिन्न खेलों में पदक के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। इनमें पारंपरिक ओलिंपिक खेलों के साथ-साथ स्वदेशी खेल जैसे मल्लखंब, खो-खो और कबड्डी भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल लगातार विजेताओं व प्रतिभागी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पदक जीतने वाले यह खिलाड़ी आगे चलकर निश्चित तौर पर ओलिंपिक खेलों में भी भारत के लिए पदक लाएंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.