विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंचकूला में 4 अक्टूबर तक दिखेगा क्रिकेट का रोमांच, CM ने किया नमो क्रिकेट लीग ग्रैंड फिनाले का शुभारंभ

Published: Mon, 28 Sep 2026 07:49 PM (IST)

नमो क्रिकेट लीग का ग्रैंड फिनाले पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुरू किया, ...और पढ़ें

HighLights

  1. विभिन्न जिलों की 32 शीर्ष विजेता टीमें पंचकूला पहुंचेंगी।

  2. यह लीग नशे के खिलाफ एक सामाजिक महाअभियान है।

  3. विश्व की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग गिनीज बुक में दर्ज होगी।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में 4 अक्टूबर तक अब क्रिकेट का रोमांच दिखेगा। यहां नमो क्रिकेट लीग के सेमिफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।

लीग के ग्रैड फिनाले का शुभारंभ सोमवार शाम हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया। इस दौरान माइक में गड़बड़ी हुई तो मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल आवाज आ रही है। इसके तुरंत बाद कर्मचारियों ने माइक को ठीक किया।

टेनिस बाॅल से 10-10 ओवर के मैच होंगे। फ्लड लाइट में भी मैच खेले जाएंगे। दर्शकों के लिए डीजे और संगीत के साथ एंट्री पूरी तरह फ्री रखी गई है। विभिन्न जिलों की 32 शीर्ष विजेता टीमें पंचकूला पहुंचेंगी।

पंचकूला जिले की 92 टीमों में से बिल्ला गांव की टीम चैंपियन बनकर फाइनल 32 में पहुंची है। मैचों का लाइव प्रसारण 14 ओटीटी चैनलों पर होगा। यह सिर्फ टूर्नामेंट नहीं, बल्कि नशे के अंधकार से युवाओं को बाहर निकालने का सामाजिक महाअभियान है।

अलग-अलग जिलों में 3400 टीमों और 55,000 खिलाड़ियों की ऐतिहासिक भागीदारी के साथ यह विश्व की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग बन गई है, जिसे अब गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया जा रहा है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में जिला व जोनल स्तर के 90 फीसदी मुकाबले पूरे होने के बाद अब अंतिम पड़ाव की बारी है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की मिट्टी में खेल और खिलाड़ी दोनों रचे-बसे हुए हैं। ओलंपिक हो, पैरालंपिक हो, एशियाई खेल हाँ, राष्ट्रमंडल खेल हों या अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं-हरियाणा के खिलाड़ियों ने बार-बार सिद्ध किया है कि छोटा प्रदेश होते हुए भी हमारा हौसला बहुत बड़ा है।

यही हौसला हाल ही में ग्लासगो में हुए 23वें कॉमनवेल्थ गेम्स में देखने को मिला। इन खेलों में भारत ने 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान प्राप्त किया। इनमें से हरियाणा के खिलाड़ियों ने 11 पदक जीते हैं। इनमें 7 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। 

यह मिलेगा इनाम

टीम का स्थान

इनाम

पहले स्थान पर

21 लाख रुपये

दूसरे स्थान पर

11 लाख रुपये

तीसरे स्थान पर

5 लाख रुपये

चौथे स्थान पर

2.5 लाख रुपये

प्लेयर ऑफ द सीरीज

EV गाड़ी, मोटरसाइकिल और लैपटॉप