Namo Cricket League: पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में कल से खिताबी मुकाबले; लाखों में इनाम, गाड़ी-बाइक भी
पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में 28 सितंबर से नमो क्रिकेट लीग के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले शुरू हो ...और पढ़ें

पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कराएंगे नमो क्रिकेट लीग के खिताबी मुकाबलों का शुभारंभ। (एआई जनरेटेड फोटो)
HighLights
दोपहर 2 से रात 2 बजे तक 10-10 ओवर के मैच
टेनिस की बॉल से होंगे मैच, 32 टीमें खेलेंगी।
संतों, क्रिकेटर्स और कलाकारों का लगेगा मेला।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में कल से क्रिकेट का रोमांच दिखेगा। यहां 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक नमो क्रिकेट लीग के सेमिफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
दोपहर 2 से लेकर रात 2 बजे तक टेनिस बाॅल से 10-10 ओवर के मैच होंगे। फ्लड लाइट में भी मैच खेले जाएंगे। दर्शकों के लिए डीजे और संगीत के साथ एंट्री पूरी तरह फ्री रखी गई है।
शुभारंभ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कराएंगे और पहले दिन पंजाबी गायक कंवर ग्रेवाल परफार्मेंस देंगे। नमो क्रिकेट लीग के आयोजक सुदेश भंडारी चैरिटेबल ने बताया कि विभिन्न जिलों की 32 शीर्ष विजेता टीमें पंचकूला पहुंचेंगी।
पंचकूला जिले की 92 टीमों में से बिल्ला गांव की टीम चैंपियन बनकर फाइनल 32 में पहुंची है। मैचों का लाइव प्रसारण 14 ओटीटी चैनलों पर होगा। यह सिर्फ टूर्नामेंट नहीं, बल्कि नशे के अंधकार से युवाओं को बाहर निकालने का सामाजिक महाअभियान है।
संजीव सूद ने बताया कि अलग-अलग जिलों में 3400 टीमों और 55,000 खिलाड़ियों की ऐतिहासिक भागीदारी के साथ यह विश्व की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग बन गई है, जिसे अब गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया जा रहा है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में जिला व जोनल स्तर के 90 फीसदी मुकाबले पूरे होने के बाद अब अंतिम पड़ाव की बारी है।
यह मिलेगा इनाम
| टीम का स्थान | इनाम |
|---|---|
| पहले स्थान पर | 21 लाख रुपये |
| दूसरे स्थान पर | 11 लाख रुपये |
| तीसरे स्थान पर | 5 लाख रुपये |
| चौथे स्थान पर | 2.5 लाख रुपये |
| प्लेयर ऑफ द सीरीज | EV गाड़ी, मोटरसाइकिल और लैपटॉप |
नामचीन हस्तियां शिरकत करेंगी
खिताबी मुकाबलों में खेल, राजनीति, धर्म और सिनेमा जगत की नामचीन हस्तियां शिरकत करेंगी। हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, पंजाब के राज्यपाल व प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, हरियाणा भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी, सांसद बिप्लब कुमार देब, राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, सांसद नवीन जिंदल अलग-अलग दिन पहुंचेंगे।
इनका सानिध्य प्राप्त होगा
वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल, पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना, पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख के अतिरिक्त आध्यात्मिक गुरु बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेंद्र शास्त्री, जया किशोरी, स्वामी कैलाशानंद गिरी, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, महर्षि कुमार स्वामी, चित्रलेखा, महंत रविंद्र पुरी महाराज का सानिध्य प्राप्त होगा।
विशेष क्रिकेट टीमों के भी प्रदर्शनी मैच होंगे
लीग में सामाजिक समावेश का संदेश देते हुए चंडीगढ़ की किन्नर टीम और दिव्यांगों की विशेष क्रिकेट टीमों के भी प्रदर्शनी मैच कराए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, 4 अक्टूबर को होने वाले समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में उन युवाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने दृढ़ संकल्प से नशा छोड़कर मुख्यधारा में वापसी की है।
