हरियाणा विधानसभा परिसर में प्रदर्शन नहीं कर सकेंगे विधायक, मानसून सत्र में रहेंगी कई पाबंदियां
हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान कई पाबंदियां रहेंगी। इस दौरान विधायकों के विधानसभा परिसर में प्रदर्शन करने पर रोक होगी।
चंडीगढ़, जेएनएन। कोरोना काल में 26 अगस्त से शुरू हो रहा हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र कई मायनों में खास होगा। इस दौरान विधानसभा परिसर में कई पाबंदियां होंगी। मानसून सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में कोई भी विधायक प्रदर्शन नहीं कर सकेगा। मंत्रियों और अफसरों के निजी स्टाफ पर भी अंकुश लगाया गया है। सिर्फ स्टाफ के उन्हीं लोगों को विधानसभा में आने की अनुमति होगी, जिनकी ज्यादा जरूरत है। सभी विभागाध्यक्षों से अनुरोध किया जाएगा कि केवल वही अधिकारी-कर्मचारी विधानसभा में भेजें, जिनकी सवालों के जवाब के दौरान उपस्थिति जरूरी है।
मानसून सत्र में शारीरिक दूरी के लिए मंत्रियों और अफसरों के निजी स्टाफ पर भी रहेगा अंकुश
मानसून सत्र की तैयारियों को लेकर सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने सचिवालय स्टाफ के साथ लंबी बैठक की। इसमें निर्णय लिया गया कि मुख्यमंत्री हों या विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता या फिर मंत्री और अन्य विधायक व अफसर, कोरोना का टेस्ट कराना होगा। निगेटिव रिपोर्ट आने पर ही विधानसभा में एंट्री मिलेगी। टेस्ट के लिए स्वास्थ्य विभाग विशेष कैंप लगाएगा, जिसे स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने मंजूरी दे दी है।
सभी विधायक अपने-अपने जिलों में अपना टेस्ट कराएंगे। तीन दिन से पुरानी रिपोर्ट मान्य नहीं होगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि एमएलए हॉस्टल को सत्र से तीन दिन पहले बंद करके सैनिटाइज किया जाएगा। इसी तरह विधानसभा के अंदर सभी कागज-दस्तावेजों को सैनिटाइज किया जाएगा। सभी विधायकों व अन्य लोगों के लिए आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना अनिवार्य किया गया है। विधानसभा में मौजूद सभी लोगों को मास्क, गलव्ज और सैनिटाइजर की एक-एक किट दी जाएगी।
विधानसभ स्पीकर ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए विधानसभा में दर्शक दीर्घा खत्म कर दी गई है। स्पीकर गैलरी में कोई दर्शक नहीं रहेगा। विधानसभा के एंट्री प्वाइंट पर सैनिटाइजर और शू रैप डिस्पेंसर होंगे। हॉस्पिटेलिटी डिपार्टमेंट के लिए भी एक नोडल ऑफिसर तैनात किया जाएगा।
दो दिन चलेगा बैठकों का दौर
अगले दो दिन में तीन और बैठकें होंगी जिनमें सदन के अंदर-बाहर सुरक्षा इंतजाम, पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी। एक बैठक स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक और अधिकारियों के साथ होगी जिसमें कोरोना वायरस से बचाव के इंतजामों की समीक्षा की जाएगी। दूसरी बैठक जनसंपर्क विभाग के अफसरों के साथ होगी जिसमें मीडिया की व्यवस्था पर चर्चा की जाएगी। सत्र कितने दिन का रहेगा, यह बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में तय किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: प्राइवेट ट्रेन से शताब्दी एक्सप्रेस पर होगा असर, करना होगा टाइम टेबल या रूट में बदलाव
यह भी पढ़ें: परिवार ने लगाया सनसनीखेज आरोप- बदमाशों के झुंड से घिर गए थे सुशांत सिंह राजपूत
यह भी पढ़ें: घटेगा रेल सफर का समय, दिल्ली से चंडीगढ़ तीन व अमृतसर साढ़े पांच घंटे में पहुंचाएगी प्राइवेट ट्रेन
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें