विज के बयान पर बोले सीएम मनोहर लाल, यह उनका निजी विचार
अनिल विज द्वारा महात्मा गांधी पर की गई टिप्पणी पर सीएम मनोहर लाल ने इसे उनकी निजी राय बताया। कहा, पार्टी का इस बयान से कोई वास्ता नहीं है।
चंडीगढ़, जेएनएन। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिज विज का महात्मा गांधी जी पर दिया गया बयान तूल पकडऩे लगा है। मंत्री के मुताबिक गांधी का नाम जुडऩे से खादी डूब गई। खादी की बेहतरी के लिए मोदी गांधी से बेहतर ब्रांड हैं। खादी गांधी के नाम पर पेटेंट नहीं। वहीं, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने कहा कि यह विज के निजी विचार हैैं। पार्टी या सरकार का इससे कोई लेना-देना नहीं है।
बता दें, विज ने यहां तक लिखा कि धीरे-धीरे नोट से गांधी की तस्वीर हटेगी। गांधी की वजह से रुपये की कीमत घटी। विज के इस बयान पर कई नेताओं ने ट्वीट कर उन्हें घेरा है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि विज का यह बयान बहुत ही निंदनीय और आपत्तिजनक है।
यह भी पढ़ें: चौतरफा आलोचना होने के बाद अपने बयान से पलटे अनिल विज
उधर, यमुनानगर में पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री चौ. बीरेंद्र सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के दिए बयान पर बिना कोई टिप्पणी करते हुए कहा कि खादी किसी की जागीर नहीं है। महात्मा गांधी 20वीं सदी के महान नेता थे। पूरे विश्व में उनकी पहचान है। उनके नाम पर राजनीति करना गलत है।
खादी तो और लोग भी पहनते हैं। बहुत से नेता है जो खादी को उत्तम मानते हैं। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह हुड्डा के खिलाफ चुनाव लड़ने को तैयार हैं और उसे हराएंगे भी। शनिवार को वह पूर्ण विहार कालोनी जगाधरी में सर छोटू राम मंच के जिला अध्यक्ष डॉ. विजय दहिया के निवास पर पत्रकारवार्ता कर रहे थे।