विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 18, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

डेरा प्रमुख व मलिक मामले में हरियाणा में उबाल, शाह से मिले मनोहर व मलिक

By Kamlesh BhattEdited By:
Published: Fri, 18 Aug 2017 10:27 AM (IST)Updated: Fri, 18 Aug 2017 10:29 AM (IST)

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख पर सीबीआइ कोर्ट का फैसला सुरक्षित होने की खबर व जाट नेता यशपाल मलिक पर हुए ...और पढ़ें

डेरा प्रमुख व मलिक मामले में हरियाणा में उबाल, शाह से मिले मनोहर व मलिक
डेरा प्रमुख व मलिक मामले में हरियाणा में उबाल, शाह से मिले मनोहर व मलिक

जेएनएन, चंडीगढ़। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख पर सीबीआइ कोर्ट का फैसला सुरक्षित होने की खबर आते ही हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीरवार शाम दिल्ली दरबार की उड़ान भर ली। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात कर हरियाणा के तमाम मसलों पर चर्चा की। उनका खास फोकस डेरा मुखी पर आने वाले फैसले के बाद की स्थिति से निपटने पर रहा। मुख्यमंत्री के दिल्ली में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय में राष्ट्रीय नेताओं से भी मिलने की खबर है।

इससे पहले अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष यशपाल मलिक ने दिल्ली में ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की। यशपाल मलिक पर फतेहाबाद जिले के गांव समैण में जानलेवा हमला हुआ था। इस मामले में खाप नेता सूबे सिंह समैण समेत करीब सौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। केंद्रीय इस्पात मंत्री बीरेंद्र सिंह ने इस हमले की निंदा की थी। बृहस्पतिवार को इस मामले को लेकर हरियाणा की राजनीति गरमाई रही। यशपाल मलिक के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में बीरेंद्र सिंह से भी मुलाकात की। मलिक ने मुख्यमंत्री से अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने और जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान किए गए वादे पूरे करने की मांग की।

मुख्यमंत्री ने यशपाल मलिक को अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल इसके बाद मलिक को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मिलाने भी ले गए। इस मुलाकात के दौरान भाजपा प्रभारी डा. अनिल जैन, केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, केंद्रीय मंत्री पीपी चौधरी और केंद्रीय मंत्री संजीव बाल्याण भी मौजूद रहे। बैठक के बाद मलिक ने कहा कि आरक्षण आंदोलन में किए गए वादों को लेकर बैठक हुई है। समैण गांव में हुई मारपीट का मामला भी भाजपा अध्यक्ष के संज्ञान में लाया गया है।

डेरा मुखी मामले में शाह से ली गाइडलाइन

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की है। सीबीआइ पंचकूला की कोर्ट 25 अगस्त को डेरा मुखी के मामले में अपना फैसला सुना देगी। इसके बाद की स्थिति से निपटने को लेकर मुख्यमंत्री ने पार्टी अध्यक्ष के निर्देश प्राप्त किए हैैं।

मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाएं बढ़ी

भाजपा में शाह और मनोहर लाल की मुलाकात को मंत्रिमंडल में फेरबदल से भी जोड़कर देखा जा रहा है। शाह तीन दिन के हरियाणा दौरे पर आए थे। तब कुछ मंत्रियों के कामकाज से खुश नहीं थे। लिहाजा उन्होंने बदलाव के संकेत दिए थे, जिस पर दिल्ली में चर्चा होने की खबर आई है।
---
भाजपा अध्यक्ष की केंद्रीय मंत्रियों के साथ सामान्य मीटिंग थी। कुछ जाट समाज के लोग भी पार्टी अध्यक्ष से मिलने आए थे। मुख्यमंत्री तो मिलते रहते हैैं। जाट समाज के लोगों ने भाजपा अध्यक्ष का धन्यवाद किया है। पिछड़ा वर्ग आयोग बनने से समाज को काफी लाभ होगा। मुख्यमंत्री और भाजपा अध्यक्ष की मुलाकात को लेकर हरियाणा का कोई खास विषय नहीं था। -डा. अनिल जैन, भाजपा प्रभारी, हरियाणा।
---
डेरा मुखी का मामला अभी अदालत में है। इस पर कोई भी टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। रही पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री की मुलाकात, यह होती रहती है। शाह तीन दिन हरियाणा में रहे। मंत्रिमंडल में फेरबदल मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। -प्रो. रामबिलास शर्मा, शिक्षा मंत्री हरियाणा।

यह भी पढ़ेंः मानव संसाधन विकास मंत्री जावड़ेकर ने कहा, देश में 11 लाख शिक्षक अयोग्य