हिमाचल के पर्यटक स्थल पर मनोहर सरकार चिंतन शिविर शुरू
मनोहरलाल सरकार चिंतन शिविर के लिए हिमाचल प्रदेश के परवाणू के लिए रवाना हुई। यह शिविर तीन दिन चलेगा।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल की अगुवाई में राज्य सरकार का चिंतन शिविर हिमाचल प्रदेश के परवाणू में शुरू हाे गया है। इस शिविर में सरकार के मंत्रियों के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी भाग ले रहे हैं। यह शिविर हिमाचल के परवाणू स्थित पर्यटक स्थल टिंबर ट्रेल पर हाे रहा है। सुबह चंडीगढ़ से मंत्रियों, नेताआें और अधिकारियों का काफिला तीन लग्जरी बसों में परवाणु गया।
दो बसों में सभी नेता और मंत्री गए और एक बस में अधिकारी रवाना हुए। बसों का काफिला हरियाणा सचिवालय से हिमाचल प्रदेश के परवाणू स्थित टिंबर ट्रेल के लिए रवाना हुआ। चिंतन शिविर तीन दिन चलेगा। परवाणू पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री व अन्य नेता और अधिकारी केबल कार से टिंबर ट्रेल पहुंचे।
यह शिविर 15 दिसंबर से 17 दिसंबर तक चलेगा। शिविर के प्रारंभ में मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने मंत्रियों, नेताओं और अधिकारियों को संबोधित किया। बैठक के पहले दिन सरकार के अब तक के कामकाज सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
देखें तस्वीरें: हिमाचल के पर्यटक स्थल पर हरियाणा की मनोहर सरकार
चंडीगढ़ से परवाणू रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा, विपक्ष का काम मीन मेख निकालने का होता है। हम वहां एकांत में हरियाणा के नव निर्माण पर चर्चा करेंगे और कई ऐसी नीतियों योजनाओं को लाएंगे जो प्रदेश के हित में होंगी। यह शिविर तीन दिन चलेगा।
हिमाचल के परवाणू स्थित पर्यटक स्थल टिंबर ट्रेल पर अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री मनोहरलाल।
शिविर में कृषि सुधार एवं किसानों की आय दोगुनी करना, पानी की सदुपयोग, सक्षम हरियाणा शहरी विकास और रिसोर्स मोबिलाइजेशन विषयों पर चर्चा हाेगी। इसमें मनाेहरलाल सरकार के सवा तीन साल के विकास कार्यों और दो साल के नए विजन पर भी मंथन होगा।
यह भी पढ़ें: पिता के विरोध का बदला स्कूल ने केजी के बच्चे से लिया, पुलिस में केस दर्ज