इनेलो में घमासान पर बोले सीएम मनोहर लाल, इसका जनता लेगी संज्ञान
इनेलो में मचे घमासान पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यह इनेलो का घरेलू मामला है। जो कुछ हो रहा है इस पर जनता संज्ञान लेगी।
जेएनएन, चंडीगढ़। इनेलो में मचे घमासान पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यह इनेलो का घरेलू मामला है। उन्होंने कहा कि इनेलो में ऐसे हालात बन गए हैं कि किसी को बाहर करते हैं किसी को भंग करते हैं। ऐसी पार्टियों से जनता के भले की उम्मीद नहीं की जा सकती, जो कुछ हो रहा है इस पर जनता संज्ञान लेगी।
बद्रीनाथ धाम की यात्रा कर दिल्ली लौटे सीएम ने कहा कि धार्मिक यात्राएं और पूजा पाठ वह पहले भी करते थे और अब भी करते हैं। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से भी मुलाकात की। रावत से रेणुका डैम और किसाऊ डैम पर भी बातचीत हुई। लखवार डैम का एमओयू हो चुका है। उन्होंने कहा कि वह केंद्र सरकार से निवेदन करेंगे कि लखवार डैम बनाने का टेंडर जल्दी किया जाए, ताकि लोकसभा चुनाव से पहले निर्माण शुरू हो जाए। डैम 4 साल में बनना है और निर्माण होने से हरियाणा को भरपूर पानी मिलेगा।
किसानों को मिलेगा मुआवजा
किसानों के मुद्दे पर बोले सीएम ने कहा कि बेमौसम बरसात की वजह से जो किसानों की फसलें खराब हुई हैं। इसके लिए स्पेशल गिरदावरी के आदेश दे दिए गए हैं। फसल बीमा योजना के तहत जिन किसानों ने बीमा करवा रखा है उनको मुआवजा मिलेगा। जिन किसानों ने बीमा नहीं करवाया है उनको सरकार की नीति के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।
किसानों से पराली न जलाने की अपील
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किसानों से पराली न जलाने की अपील की। कहा कि इसे जलाने के बजाय किसान इकट्ठा करें। किसानों को सब्सिडी दे रहे हैं। पराली से इथेनॉल बनाई जाएगी।
छात्र संघ चुनावों पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि चुनाव हर हाल में होंगे। उन्होंने सभी छात्र संगठनों से इसमें हिस्सा लेने की अपील की। सीएम ने कहा कि कोई भी सरकार छात्र संघ चुनाव करवाने की हिम्मत नहीं जुटा पाई। 22 साल बाद उनकी सरकार ने इसे करने की हिम्मत जुटाई। कहा कि इस अप्रत्यक्ष चुनाव होंगे। अगले साल से प्रत्यक्ष चुनाव कराए जाएंगे। उनकी सरकार लिंगदोह और टंकेश्वर कमेटी की सिफारिशों के आधार पर ही चुनाव करवा रही है।