मनोहर सरकार ने बदला हुडा का नाम, सियासत गरमाई
हरियाणा की कैबिनेट बैठक में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का नाम बदल दिया गया है। इसके बाद राजनीति तेज हो गई है।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी (हुडा) का नाम बदल दिया गया है। अब इसे हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के नाम से जाना जाएगा। वीरवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में नए नाम पर मुहर लगा दी गई।
बैठक के बाद पत्रकारों से रू-ब-रू सरकार के वरिष्ठ मंत्री अनिल विज ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हुडा में ज्यादा अंतर नहीं होने के कारण लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही थी। कई तरह के मामलों से घिरे हुड्डा पर चूंकि कार्रवाई होने वाली है, इसलिए हुडा का नाम चर्चा में आ रहा था। इसलिए सरकार ने प्राधिकरण का नया नाम रखा है।
उधर, नामकरण पर विज की टिप्पणी के बाद कांग्रेसी नेता मुखर हो गए। कांग्रेस के पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रण सिंह मान और प्रदेश सचिव रणसिंह मान ने कहा कि प्रदेश सरकार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा की लोकप्रियता से घबरा गई है। इसलिए अनाप-शनाप फैसले लिए जा रहे हैं। जनता इससे झांसे में आने वाली नहीं।
यह भी पढ़ें: कैबिनेट की बैठक: हरियाणा में बिजली बिल पर अब दो फीसद लगेगा निगम टैक्स