REELS बनाने के लिए शख्स ने मॉडिफाई करवाई थार, हरियाणा पुलिस ने काटा 22500 रुपये का चालान; गाड़ी भी जब्त
पंचकूला में रील्स बनाने के लिए मॉडिफाइड थार से स्टंटबाजी कर रहे युवक पर पुलिस ने 22,500 रुपये का भारी जुर्माना लगाया और उसकी गाड़ी जब्त कर ली।

पुलिस ने 22500 रुपये का काटा चालान (फाइल फोटो)
HighLights
युवक ने रील्स के लिए मॉडिफाइड थार से स्टंट किए
पंचकूला पुलिस ने 22,500 रुपये का चालान काटा
स्टंटबाजी करने वाली थार गाड़ी को जब्त किया गया
जागरण संवाददाता, पंचकूला। रील्स के चक्कर में माडीफाई थार से स्टंटबाजी करना युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने युवक की हवाबाजी निकालते हुए उसका मोटा चालान काटा और थार को जब्त कर लिया।
सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड में माडिफाइड थार से स्टंटबाजी करने वाले युवक का 22 हजार 500 रुपये का चालान किया है और वाहन को जब्त कर थाना ले गए।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि दो-तीन दिन पहले सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड में थार चालक स्टंटबाजी करता दिखाई दिया था।
22500 रुपये का काटा चालान
पुलिस ने चालक के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद बुधवार को सिटी ट्रैफिक थाना प्रभारी वरिंद्र कुमार ने उसका 22,500 रुपये का चालान किया गया और गाड़ी को जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान थार चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और अन्य युवाओं से भी इस प्रकार की स्टंटबाजी नहीं करने की अपील की।
रील नहीं, रियल लाइफ के लक्ष्य बनाएं: पुलिस कमिश्नर पंकज नैन
पुलिस कमिश्नर युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर दिखावे और सस्ती लोकप्रियता के पीछे भागने के बजाय जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेहनत करें।
उन्होंने कहा कि युवा पढ़ाई, खेल, कला और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करें तथा अपनी मेहनत और सफलता की रील बनाएं, ताकि दूसरे युवाओं को भी उनसे प्रेरणा मिले। अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों के दम पर पहचान बनाना ही सफलता का सही रास्ता है।
