विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा की मंडियों में बारिश से फसलों को भारी नुकसान, इनेलो ने किसानों के लिए की मुआवजे की मांग

Published: Mon, 12 Oct 2026 10:28 PM (IST)

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने हरियाणा में बारिश से खराब हुई किसानों की फसलों के लिए सरकार से मुआवजे की मांग की है।

इनेलो ने किसानों के लिए मांगा बारिश से खराब हुई फसल का मुआवजा।

इनेलो ने किसानों के लिए मांगा बारिश से खराब हुई फसल का मुआवजा।

HighLights

  1. इनेलो ने बारिश से खराब फसलों के लिए मुआवजा मांगा

  2. अभय चौटाला ने मंडियों में नुकसान सर्वे की मांग की

  3. किसानों को तत्काल निष्पक्ष आकलन और भुगतान हो

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने बारिश से खराब हुई फसलों को लेकर सरकार से किसानों के लिए मुआवजा मांगा है।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पिहोवा, लाडवा, इस्माइलाबाद, चीका और कैथल सहित अनेक क्षेत्रों में बारिश के कारण मंडियों में पड़ी किसानों की फसल खराब हुई है। प्रभावित मंडियों में अधिकारियों की टीमें भेजकर नुकसान का सर्वे कराया जाए।

अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि हर बार बारिश किसानों की मेहनत पर पानी फेर देती है, लेकिन सरकार पिछली घटनाओं से सबक लेने और पुख्ता इंतजाम करने के बजाय मूकदर्शक बनी रहती है।

किसान कई महीनों तक दिन-रात मेहनत करके अपनी फसल तैयार करता है। बीज, खाद, डीजल, सिंचाई और मजदूरी पर अपनी जमा-पूंजी खर्च करता है, लेकिन जब फसल बेचने का समय आता है तो मंडियों में अव्यवस्थाओं और बारिश से उसकी मेहनत बर्बाद हो जाती है।

मंडियों में फसल को बारिश से बचाने के लिए पर्याप्त तिरपाल, शेड, जल निकासी और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था करने की बात आती है तो बहाने बना दिए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि किसान की फसल बचाने की सरकार और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है। इसलिए किसानों को उनकी खराब हुई फसल का उचित मुआवजा मिलना चाहिए और नुकसान का निष्पक्ष आकलन तत्काल कराया जाना चाहिए। किसानों को बिना देरी मुआवजा दिया जाए तथा खरीद और उठान की प्रक्रिया तेज की जाए।