हरियाणा में भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिकों को भी मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ, पंजीकरण शुरू
हरियाणा में रेलवे माल गोदाम श्रमिकों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की। बिजली मंत्री रणजीत चौटाला व विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता भी समारोह में शामिल हुए।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में किसानों के साथ-साथ श्रमिकों की आय को भी डबल करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके लिए हरियाणा में असंगठित मजदूरों का पंजीकरण हो रहा है। अब प्रदेश में कार्यरत भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिकों का पंजीकरण भी होगा। पंजीकरण कराने वाले माल गोदाम श्रमिकों को भी केंद्र व राज्य सरकार से जुड़ी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल गत दिवस पंचकूला में भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिक संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। बिजली व जेल मंत्री रणजीत चौटाला और विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता भी समारोह में शामिल हुए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ई-श्रम पोर्टल पर भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिकों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक समाज का असली निर्माता है। 19वीं शताब्दी में जब औद्योगिक क्रांति आई थी, तब उद्योगों के विकास में रेलवे का महत्वपूर्ण योगदान रहा। देश की तरक्की उद्योगों से, उद्योगों की तरक्की रेलवे से और रेलवे की तरक्की श्रमिकों से हुई। किसी भी देश की तरक्की श्रमिकों पर निर्भर करती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा जा रहा है। गरीब व श्रमिकों का भला कैसे हो, इस पर उनका विशेष ध्यान है। उन्होंने कहा कि सरकारी संसाधनों पर श्रमिकों का पहला हक है। हरियाणा सरकार कंस्ट्रक्शन (निर्माण), प्रवासी मजदूरों, दुकानदारों, मछुआरे व असंगठित क्षेत्र के अन्य श्रमिकों का पंजीकरण कर रही है। इनका पंजीकरण पूर्ण हो जाने पर उन्हें स्वास्थ्य, बच्चों की पढ़ाई, रोजगार, मकान व सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी 22 योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
हरियाणा की अंत्योदय ग्राामोदय योजना दूसरे राज्यों में भी लोकप्रिय
मुख्यमंत्री ने श्रमेव जयते योजना शुरू करने पर प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि श्रम ही जीवन है। ईमानदारी व सच्चाई से काम करने वाले की जीत होती है और श्रम से ही समाज आगे बढ़ता है। गरीबों का उत्थान कैसे हो, इसके लिए मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना शुरू की गई है। अभी तक साढ़े तीन लाख परिवारों का डाटा मिला है, जिनकी आय एक लाख रुपये से कम है। ऐसे परिवारों तक सरकार के 18 विभागों की 40 से ज्यादा योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए अंत्योदय ग्रामोदय मेले लगाए जा रहे हैं। इन मेलों में उनकी इच्छा अनुसार स्वरोजगार हेतु बैंकों से ऋण, योग्यतानुसार प्राइवेट नौकरियां दिलाने का कार्य किया जा रहा है। इस योजना का दूसरे प्रांत भी अब अध्ययन कर रहे हैं।
कोविड काल में श्रमिकों ने निभाया महत्वपूर्ण योगदान
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार अंत्योदय के भाव से काम कर रही है। जब तक श्रमिक और गरीब व्यक्ति का भला नहीं होगा, तब तक देश आगे नहीं बढ़ सकता। कोरोना काल में श्रमिकों ने रेलगाड़ियों में अन्न व दूसरी आवश्यक चीजों की आपूर्ति में कमी नहीं आने दी। श्रमिकों ने जान को हथेली पर रखकर देश की अखंडता को मजबूत किया। बिजली मंत्री रणजीत चौटाला ने कहा कि माल गोदाम श्रमिक मेहनत का काम करते हैं। देश को ऊंचाई तक ले जाने में इन श्रमिकों का महत्वपूर्ण योगदान है।