मनोहर कैबिनेट ने किए कई अहम फैसले, हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 20 से
हरियाणा कैबिनेट की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय किए गए हैं। कैबिनेट ने तय किया है कि हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी को शुरू होगा।
चंडीगढ़, जेएनएन। हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी से शुरू होगा। आठ दिन चलने वाले इस सत्र के दौरान वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु 23 या 25 फरवरी को बजट पेश करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में बजट सत्र के बारे में फैसला किया गया। बैठक में कई अन्य फैसले किए गए। राज्य में अब पटवारियों के जिलास्तर पर तबादले होंगे। सरकार ने लंबरदारों को भी तोहफा दिया है। सरकार उनको मोबाइल फोन देगी।
विधानसभा में बजट 23 या 25 फरवरी को होगा पेश, इसी दिन शाह आएंगे हिसार
हरियाणा कैबिनेट की मुख्यमंत्री मनोहरलाल की अध्यक्षता में सोमवार शाम को बैठक हुई। इसमें हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी से शुरू करने का निर्णय किया गया है। बजट सत्र की अवधि कितने दिन होगी, यह विधानसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी तय करेगी। माना जा रहा है कि बजट सत्र 28 फरवरी तक चलेगा।
विधानसभा में मनोहर सरकार अपने इस कार्यकाल का आखिरी बजट पेश करेगी। बजट 23 फरवरी शनिवार को अवकाश के दिन पेश किए जाने की संभावना है। बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में यदि सहमति नहीं बनी तो 25 फरवरी सोमवार को दोपहर दो बजे बजट पेश किया जा सकता है। वैसे इस दिन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह हरियाणा आ रहे हैैं।
अमित शाह पहले 27 फरवरी को हिसार में शक्ति केंद्र प्रमुखों के सम्मेलन में आने वाले थे, लेकिन अब उनका दौरा 25 फरवरी को होगा। लिहाजा पहले सरकार सुबह के समय हिसार में होगी और दोपहर को विधानसभा पहुंच जाएगी। वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु अपना पांचवां बजट पेश करेंगे।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल और वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु पहले ही संकेत दे चुके कि इस बार का बजट आम जन के हित में होगा। उम्मीद की जा रही कि पिछली बार की तरह इस बार भी बजट में कोई टैक्स नहीं लगाया जाएगा। पिछले साल 1 लाख 15 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया था, जो इस बार सवा लाख करोड़ पर पहुंचने की संभावना है। बजट में किसानों व गांवों पर खास फोकस रहने की संभावना है।