दुष्यंत इनेलो में होते, तो सीएम भी बन सकते थे: चौटाला
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने कहा है कि दुष्यंत चौटाला आज भाजपा के साथ डिप्टी सीएम हैं यदि वह इनेलो में होते तो वह सीएम भी हो सकते थे।
जागरण संवाददाता, पंचकूला : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने कहा है कि दुष्यंत चौटाला आज भाजपा के साथ डिप्टी सीएम हैं, यदि वह इनेलो में होते, तो वह सीएम भी हो सकते थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने और रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर हर शिक्षित को योग्यता अनुसार रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। चौटाला बुधवार शाम को सेक्टर-12 में नगर परिषद की पूर्व चेयरमैन सीमा चौधरी के आवास पर कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर पूर्व इनेलो प्रत्याशी करुणदीप चौधरी, कालका के पूर्व प्रत्याशी सतिद्र सिंह टोनी, सुदेश रानी, शकुंतला आदि मौजूद थे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा आज देश का हर नागरिक परेशान है। भाजपा ने पिछले चुनाव में जनता से जो वादे किए उन्हें पूरा नहीं किया। दुर्भाग्यवश जनता को आज स्वर्गीय जयप्रकाश नारायण और चौधरी देवीलाल जैसा सशक्त नेतृत्व दिखाई नहीं दे रहा। जनता की निगाहें इनेलो पर हैं। अतीत में पार्टी के कुछ साथियों ने स्वार्थ पूर्ति के लिए पार्टी के साथ दगा किया। ऐसे लोग पार्टी के हितैषी नहीं थे। इन्होंने स्वार्थ के लिए सरकार के साथ हाथ मिला लिया और आज इनकी हालत दयनीय है। रुठे कार्यकर्ताओं को मनाने की अपील
चौटाला ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि नए साल में रूठों को मनाएं, कुछ लोग गुमराह होकर रास्ता भटक गए हैं। अब ऐसे लोगों को गलती का अहसास हो गया है। संगठन को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ें। हमारा किसी से राजनीतिक अथवा व्यक्तिगत स्वार्थ नहीं है। सोच चौ देवी लाल के सपनों को साकार करने की है। कांग्रेस ने षड्यंत्र कर मुझे जेल भिजवाया
चौटाला ने कहा कि कांग्रेस ने षड्यंत्र के तहत उन्हें जेल भिजवाया। कहा कि पिछले 15 साल से देश के किसानों व समाज के अन्य वर्गो को काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। सत्ता में आने पर इसकी भरपाई सरकारी कोष से की जाएगी। सत्ता में आने पर पार्टी के लिए निष्ठा से कार्य करने वालों को उचित सम्मान दिया जाएगा।