विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में IAS अधिकारियों की कमी, 47 पद खाली; राहुल हुड्डा अब केंद्र में देंगे अपनी सेवाएं

Published: Wed, 28 Oct 2026 10:09 PM (IST)

हरियाणा में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की भारी कमी है, जहां 226 स्वीकृत पदों में से 47 खाली हैं। ...और पढ़ें

हरियाणा में IAS अफसरों की कमी बढ़ी, राहुल हुड्डा केंद्र में प्रतिनियुक्त।

हरियाणा में IAS अफसरों की कमी बढ़ी, राहुल हुड्डा केंद्र में प्रतिनियुक्त।

HighLights

  1. हरियाणा में 226 IAS पदों में से 47 पद खाली

  2. राहुल हुड्डा को केंद्र सरकार में उप सचिव नियुक्त किया गया

  3. चार वरिष्ठ अधिकारियों को वापस बुलाने की राज्य सरकार की पैरवी

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों की कमी के बीच राज्य सरकार ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष सचिव राहुल हुड्डा की सेवाएं केंद्र सरकार को सौंप दी हैं। उन्हें दिल्ली में नागरिक उड्डयन मंत्रालय में उप सचिव नियुक्त किया गया है।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। एक ओर राज्य सरकार प्रशासनिक कामकाज के दबाव को देखते हुए केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर तैनात अपने चार वरिष्ठ अधिकारियों को वापस बुलाने की पैरवी कर रही है, वहीं दूसरी ओर एक और अधिकारी केंद्र में जा रहा है।

हरियाणा में आईएएस अधिकारियों के 226 स्वीकृत पदों के मुकाबले फिलहाल 179 अधिकारी ही तैनात हैं। यानी 47 पद खाली हैं। वरिष्ठता सूची के शीर्ष 20 अधिकारियों में से 10 केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। ऐसे में प्रदेश में उपलब्ध अधिकारियों पर प्रशासनिक जिम्मेदारियों का बोझ बढ़ रहा है।

कई अधिकारियों के पास दो से अधिक विभाग हैं, जबकि कुछ चार से पांच विभागों का कामकाज संभाल रहे हैं। राज्य सरकार ने अधिकारियों की कमी दूर करने के लिए केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर तैनात वी. उमाशंकर, डॉ. राकेश गुप्ता, नितिन कुमार यादव और विकास गुप्ता को वापस बुलाने का आग्रह किया है।

उमाशंकर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में सचिव हैं। डॉ. राकेश गुप्ता जनवरी 2026 से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन में अपर सचिव एवं महानिदेशक हैं। इससे पहले वह राष्ट्रपति के अपर सचिव रह चुके हैं। नितिन यादव वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के साथ तीन सार्वजनिक उपक्रमों के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक का दायित्व भी संभाल रहे हैं। विकास गुप्ता केंद्रीय विद्यालय संगठन के आयुक्त हैं।

प्रदेश में आने वाले महीनों में वरिष्ठ अधिकारियों की सेवानिवृत्ति भी प्रशासन के लिए चुनौती बन सकती है। सुधीर राजपाल और मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की सेवानिवृत्ति निकट है, जबकि इसके बाद सुमिता मिश्रा भी सेवानिवृत्त होंगी। ऐसे में अधिकारियों की उपलब्धता और विभागों के कामकाज के बीच संतुलन बनाना सरकार के लिए अहम होगा।