हैदराबाद पुलिस की सराहना, दोषियों को सजा जल्द देने की उठ रही मांग
अध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने हैदराबाद पुलिस की कार्रवाई का स्वागत किया है।
जागरण संवाददाता, पंचकूला : हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने हैदराबाद पुलिस की कार्रवाई का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि आज जिस तरह से महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है, ऐसे में हैदराबाद पुलिस द्वारा एनकाउंटर करके सराहनीय काम किया गया है। जैसे कि पता चल रहा है कि आरोपित मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे, यदि वह भाग जाते तो देश ने पुलिस पर कई सवाल उठाने थे और दोषी और महिलाओं को भी अपना शिकार बनाते। सुधा भारद्वाज ने कहा कि इतने जघन्य अपराध हो रहे हैं, उसमें जल्द निर्णय लेने की जरूरत है।
-भारतीय ग्रामीण महिला संघ हरियाणा की महासचिव संघमित्रा सिवाच ने कहा कि समाज में एक मैसेज चला गया कि यदि कोई महिलाओं को अपना शिकार बनाएगा तो उनके साथ भी वैसा ही होगा। कानून प्रक्रिया में तेजी लाना बहुत जरूरी है। निर्भया कांड में सात साल तक आरोपित फांसी पर नहीं लटके। यदि समाज में आरोपियों को जल्द सजा मिले तो इस तरह के कड़े कदम उठाने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। सामाजिक कार्यकर्ता सीमा भारद्वाज ने कहा है कि हैदराबाद की बेटी को तो इंसाफ मिल गया लेकिन उन्नाव की बेटी को भी इंसाफ चाहिए। निर्भया की आत्मा को तब शांति मिलेगी, जब दोषी फांसी पर लटके होंगे। कानून बन तो गए लेकिन समय पर फैसला न होना, एनकाउंटर जैसे कदम उठाने पर ही मजबूर करेगा।
-शिक्षाविद शारदा गुप्ता ने कहा कि हैदराबाद में पुलिस ने एनकाउंटर भले ही किसी भी परिस्थिति में किया हो लेकिन यह समय की मांग बन चुकी है। आज बच्चियां घर से स्कूल तक आने में महफूज नहीं समझती। बच्चियों से बसों में बहुत दुर्व्यवहार होता है। जब तक मानसिकता नहीं बदलेगी तब तक समाज नहीं बदलेगा।
-मथुरादास लाजवंती सुभाष हितैषी फाउंडेशन पंचकूला के चेयरमैन भारत हितैषी ने कहा कि न्याय देरी से होता है तो लोगों में आक्रोश की भावना बढ़ती है। सात साल तक दोषी को सजा नहीं मिलेगी तो मजबूरन पुलिस को हैदराबाद जैसा कदम उठाने होंगे। सजा देरी से मिलती है तो दोषियों को अपने जुर्म का अहसास भी नहीं होता है। ऐसा कानून बनना चाहिए कि ऐसे जघन्य अपराधों में पुलिस 10 से 12 दिन में चार्जशीट फाइल करे और डेढ़ महीने में दोषियों को फांसी, उम्रकैद जैसी सजा मिले। हितैषी ने हैदराबाद पुलिस को सलाम किया।
-समन्वय सोसायटी के संयोजक कंवल बिदुसार ने कहा कि जहां तक जनभावनाओं की बात है, वह बिल्कुल रेपिस्ट के खिलाफ थी और जो सबूत और कबूलनामा है, उस हिसाब से बिल्कुल है। कानूनी पहलू को हम नजरअंदाज नहीं कर सकते। बढ़ रहे दुष्कर्मो के खिलाफ एक बड़ा कारण प्रोनोग्राफी का बढ़ रहा प्रचलन है। जोकि इंटरनेट पर आसानी से उपलब्ध है जोकि न्यूरोन का नेटवर्क बन जाता है। जोकि असलियत और नकली में फर्क ही नहीं कर पाते।
-युवा नेता करुणदीप चौधरी ने कहा कि हैदराबाद पुलिस को सैल्यूट है। दरिदगी की हद कर दी थी इन चारों ने। मां-बाप अपनी बेटियों को घर से भेजने से भी घबराने लगते हैं। बसों में बेटियां रोजाना छोटी-छोटी घटनाओं का शिकार होती हैं। सरकार को छात्राओं के लिए बस की अलग व्यवस्था की चाहिए और सुनसान रास्तों पर रेगुलर पुलिस की पेट्रोलिग होनी चाहिए।