विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या पंचकूला के पिंजौर में HMT ट्रैक्टर प्लांट दोबारा शुरू हो पाएगा? संघर्ष समिति ने फिर से उठाई मांग

Published: Tue, 27 Oct 2026 07:07 PM (IST)

एचएमटी बचाओ संघर्ष समिति ने पिंजौर में एचएमटी ट्रैक्टर प्लांट को फिर से शुरू करने की मांग उठाई है। सांसद ...और पढ़ें

वर्ष 2016 में बंद है एचएमटी ट्रैक्टर प्लांट। (सांकेतिक फोटो)

वर्ष 2016 में बंद है एचएमटी ट्रैक्टर प्लांट। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. केंद्र सरकार से 2016 में बंद किया था ट्रैक्टर प्लांट।

  2. कर्मचारियों के 18 माह के वेतन भुगतान की अपील।

  3. बंद परिसर में नए उद्योग स्थापित करने पर जोर।

जागरण संवाददाता, पिंजौर (पंचकूला)। एचएमटी ट्रैक्टर प्लांट को दोबारा शुरू करवाने और बंद पड़े औद्योगिक परिसर में नए उद्योग स्थापित करने की मांग को लेकर मंगलवार को पिंजौर में काला दिवस मनाया गया। एचएमटी बचाओ संघर्ष समिति के संरक्षक एवं एडवोकेट विजय बंसल के नेतृत्व में एचएमटी गेट पर धरना-प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान ‘एचएमटी बचाओ, रोजगार बचाओ’ के नारों से क्षेत्र गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से वर्ष 2016 में बंद किए गए ट्रैक्टर प्लांट को दोबारा शुरू करने, मशीन टूल्स फैक्ट्री को आर्थिक सहायता देने और कर्मचारियों के बकाया भुगतान की मांग की।

अंबाला के कांग्रेस सांसद वरुण चौधरी धरने में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विजय बंसल ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर एचएमटी के पुनरुद्धार का मुद्दा संसद और केंद्र सरकार के समक्ष उठाने का आग्रह किया। वरुण चौधरी ने कहा कि एचएमटी केवल एक फैक्ट्री नहीं, बल्कि पिंजौर-कालका क्षेत्र की आर्थिक तरक्की, रोजगार और पहचान का प्रतीक है।

उन्होंने परिसर की लगभग 446 एकड़ जमीन का बेहतर उपयोग करने और यहां औद्योगिक गतिविधियां दोबारा शुरू करने की जरूरत बताई। युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने के लिए अत्याधुनिक स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि एचएमटी को पुनर्जीवित करने के लिए संसद से सड़क तक प्रयास जारी रहेंगे।

18 माह से वेतन नहीं मिलने का दावा

विजय बंसल ने कहा कि 18 अप्रैल 2013 को तत्कालीन वित्त मंत्री पी. चिदंबरम और सांसद मुनीश तिवारी की मौजूदगी में हुई कैबिनेट कमेटी की बैठक में एचएमटी के लिए 1,083 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज मंजूर किया गया था। इसके बावजूद वर्ष 2016 में ट्रैक्टर प्लांट बंद होने से पिंजौर, कालका और आसपास के क्षेत्रों को औद्योगिक एवं आर्थिक नुकसान हुआ।

केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

सांसद वरुण चौधरी ने बताया कि एचएमटी के पुनरुद्धार, कर्मचारियों के बकाया भुगतान और परिसर में नए उद्योग स्थापित करने की मांग को लेकर विजय बंसल की अध्यक्षता में संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री से मुलाकात करेगा। इसके लिए समय मांगा जा रहा है।