मोरनी दुष्कर्म: महिला को नारी निकेतन भेजा, मामले पर हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान
हरियाणा के मोरनी में महिला से दुष्कर्म के मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। इस मामले में हाई कोर्ट ने हरियाणा सरकार से जवाब मांगा है।
जेएनएन, चंडीगढ़/पंचकूला। हरियाणा के मोरनी में एक चंडीगढ़ की महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। हाईकोर्ट ने इस मामले पर हरियाणा सरकार से जवाब तलब कर लिया है। चीफ जस्टिस कृष्ण मुरारी और जस्टिस अरुण पल्ली की खंडपीठ ने हरियाणा सरकार को इस मामले की जांच पर 10 दिन में स्टेटस रिपोर्ट अदालत में दायर करने का आदेश दिया है। दूसरी आेर, पीडि़त महिला को पंचकूला पुलिस ने नारी निकेतन भेज दिया है। पुलिस ने दो दिन पहले उसके पति को गिरफ्तार किया था।
हाई कोर्ट में इस मामले पर 13 अगस्त को सुनवाई होगी। बता दें कि इस मामले में एक महिला ने आरोप लगाया था कि मोरनी के गेस्ट हाउस में चार दिन में 40 लोगों ने दुष्कर्म किया। इससे हड़कंप मच गया। इसके बाद नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया और चार पुलिसकर्मियों को भी निलंबित कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: महिला से 40 लोगों के दुष्कर्म मामले में सनसनीखेज खुलासा, पति निकला शातिर
बाद में पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि महिला को उसके पति ने ही मोरनी के गेस्ट हाउस भेजा था और मामला देह व्यापार का है। इसके बाद बुधवार को महिला के पति को पंचकूला पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ इंमोरल ट्रैफिकिंग एक्ट 1956 के तहत मामला दर्ज किया गया। हरियाणा पुलिस का कहना है कि पति ही अपनी पत्नी से देह व्यापार करवाता था और पहले भी उसे कई जगह पर देह व्यापार के लिए भेज चुका था।
इस मामले में 19 जुलाई की सुबह युवती ने अपने पति के साथ जाकर मनीमाजरा के पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई थी। युवती के आरोपों के अनुसार, 15 जुलाई को मोरनी में गेस्ट हाउस चलाने वाला सन्नी अपने फार्म हाउस में बतौर सफाई कर्मचारी काम करने के लिए ले गया था। लेकिन वह फार्म हाउस की बजाय उसे मोरनी के गेस्ट हाउस में ले गया जहां चार दिन तक उससे 40 लोगों ने दुष्कर्म किया।
महिला को नारी निकेतन भेजा
दूसरी ओर, महिला को चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर 26 स्थित नारी निकेतन भेज दिया है। उसके वकील ने कोर्ट में याचिका लगाकर महिला की जान को खतरा बताया था। इसके बाद मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उसे नारी निकेतन भेज दिया गया। इस मामले में पति से पुलिस की पूछताछ जारी है। तीन दिन के रिमांड पर चल रहे पति से पुलिस राज उगलवाने में जुटी है कि वह इससे पहले भी अपनी पत्नी को देह व्यापार के लिए भेज चुका है या नहीं।
सूत्रों के अनुसार महिला से आरोपित पति ने दूसरी शादी कर रखी थी। महिला पुलिस थाना प्रभारी सुनीता रावत ने बताया कि अभी तक पति द्वारा कोई खास जानकारी नहीं दी गई है। पूछताछ जारी है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि पति ही अपनी पत्नी से देह व्यापार करवाता था और पहले भी उसे कई जगह पर देह व्यापार के लिए भेज चुका था। पुलिस ने पीडि़ता के पति को मंगलवार रात को ही राउंडअप कर लिया था और उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने मान लिया कि उसने ही माेरनी के गेस्ट हाउस के मालिक सन्नी के साथ मिलकर अपनी पत्नी को देह व्यापार के लिए भेजा था।