विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में मिलावटखोरों पर नकेल कसने की तैयारी, 45 फूड सेफ्टी अधिकारियों की होगी भर्ती; ऐसे करें आवेदन

Published: Sat, 19 Sep 2026 04:09 AM (IST)

हरियाणा सरकार मिलावटखोरों से निपटने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में 45 खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की भर्ती करेगी।

मिलावटखोरों से निपटने के लिए भर्ती होंगे 45 खाद्य सुरक्षा अधिकारी।

मिलावटखोरों से निपटने के लिए भर्ती होंगे 45 खाद्य सुरक्षा अधिकारी।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में मिलावटखोरों से निपटने के लिए 45 खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की भर्ती की जाएगी। हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में खाद्य सुरक्षा अधिकारी (ग्रुप-बी) के 45 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 28 सितंबर से शुरू होंगे। 19 अक्टूबर की शाम पांच बजे तक ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा किए जा सकेंगे।

कुल 45 पदों में 22 पद अनारक्षित हैं। वंचित अनुसूचित जाति (डीएससी) के लिए पांच, अन्य अनुसूचित जाति (ओएससी) ओएससी के लिए पांच, बीसी-ए के लिए पांच, बीसी-बी के लिए तीन और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए पांच पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा ईएसएम (जनरल) के लिए दो पद हैं। दिव्यांगजन श्रेणी में दो पद रखे गए हैं।

एचपीएससी ने आवेदन प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों को चार चरणों का पालन करने को कहा है। इसमें अभ्यर्थी का ऑनलाइन पंजीकरण, आवेदन फार्म में विवरण भरना, निर्धारित शुल्क का भुगतान और हस्ताक्षरित आवेदन फार्म को अंतिम रूप से जमा करना शामिल है।

आवेदन के लिए अभ्यर्थी को अपने मोबाइल नंबर से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। सफल पंजीकरण के बाद यूआरएन बनेगा और इसी के माध्यम से अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार संबंधित विज्ञापन के लिए आवेदन कर सकेंगे।

आयोग ने विशेष रूप से निर्देश दिया है कि शुल्क जमा करने के बाद अभ्यर्थी आवेदन फार्म का प्रिंट निकालकर उसमें दर्ज विवरण की जांच करें। किसी त्रुटि की स्थिति में आवश्यक सुधार के बाद फार्म पर हस्ताक्षर कर उसकी स्कैन कापी अपलोड करनी होगी।

हस्ताक्षरित आवेदन फार्म की प्रति अपलोड नहीं करने पर आवेदन अधूरा माना जाएगा और अभ्यर्थिता स्वत: रद हो सकती है। आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन फार्म में व्यक्तिगत विवरण और अन्य जानकारियां सावधानी से भरने की सलाह दी है, क्योंकि आवेदन जमा होने के बाद किसी भी विवरण में बदलाव की अनुमति नहीं होगी।