रूस के साथ मिलकर हरियाणा बनाएगा हेलीकॉप्टर ड्रोन, 250 KM उड़ेंगे और बिना GPS भी करेंगे काम
हरियाणा सरकार रूस के साथ मिलकर राज्य को ड्रोन निर्माण और एयरोस्पेस तकनीक का वैश्विक केंद्र बनाने की तैयारी कर रही है। दो संयुक्त परियोजनाओं पर चर्चा हुई।
-1791988433602_m.webp)
हरियाणा में बनेंगे 250 किलोमीटर तक उड़ने वाले हेलीकॉप्टर ड्रोन।
HighLights
हरियाणा को ड्रोन निर्माण का वैश्विक केंद्र बनाने की तैयारी।
रूस के साथ हेलीकॉप्टर ड्रोन और जीपीएस-स्वतंत्र तकनीक पर चर्चा।
हिसार में 250 KM उड़ान क्षमता वाले ड्रोन बनेंगे।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा को ड्रोन निर्माण और एयरोस्पेस तकनीक का वैश्विक केंद्र बनाने की तैयारी है। इस दिशा में राज्य सरकार ने रूस के साथ औद्योगिक सहयोग की संभावना तलाशनी शुरू कर दी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चंडीगढ़ में मिले रूसी प्रतिनिधिमंडल के साथ दो भारत-रूस संयुक्त उद्यमों पर चर्चा की। इनमें उन्नत हेलीकाप्टर ड्रोन का निर्माण और जीपीएस पर निर्भरता के बिना ड्रोन संचालन की तकनीक विकसित करना शामिल है। हालांकि, दोनों परियोजनाएं अभी प्रस्तावित हैं।
उड़ान क्षमता होगी 250 किलोमीटर होगी
पहली परियोजना के तहत हिसार जिले के सिसाय स्थित ड्रोन सिटी हरियाणा में रूसी कंपनी ओम्नीटेक एलएलसी और एवीपीएल इंटरनेशनल के सहयोग से हेलीकाप्टर ड्रोन निर्माण इकाई स्थापित करने की योजना है। प्रस्तावित ड्रोन की उड़ान क्षमता 250 किलोमीटर और भार वहन क्षमता 200 किलोग्राम तक होगी।
परियोजना में निर्माण, असेंबलिंग, अनुसंधान और परीक्षण सुविधाएं विकसित करने के साथ तकनीक हस्तांतरण पर जोर दिया जाएगा। इन ड्रोन का इस्तेमाल औद्योगिक लॉजिस्टिक्स, आपदा प्रबंधन और दुर्गम क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुएं पहुंचाने के लिए किया जा सकेगा।
दूसरी परियोजना 4जीएनएसएस एलएलसी/ओरिएंट सिस्टम्स ग्रुप के साथ प्रस्तावित है। इसके तहत ऐसी तकनीक विकसित करने की योजना है, जिससे उपग्रह आधारित जीपीएस/जीएनएसएस संकेत उपलब्ध नहीं होने पर भी ड्रोन अपना मिशन पूरा कर सकें।
इसमें भारतीय सेमीकंडक्टर चिप्स और स्वदेशी निर्माण को प्राथमिकता देने पर चर्चा हुई। हरियाणा सरकार पहले ही हिसार में ड्रोन और कलपुर्जों के निर्माण का औद्योगिक हब विकसित करने के लिए एआईटीएमसी वेंचर्स लिमिटेड को 58.51 करोड़ रुपये का विशेष प्रोत्साहन पैकेज मंजूर कर चुकी है।
हरियाणा सरकार का स्टार्टअप पर विशेष जोर
हरियाणा सरकार का जोर अनुसंधान, स्टार्टअप और युवाओं के तकनीकी कौशल विकास पर है। रूसी प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात से पहले सिसाय स्थित ड्रोन सिटी का दौरा किया था। प्रस्तावित सहयोग से राज्य में उन्नत विनिर्माण, तकनीकी अनुसंधान और रोजगार के नए अवसर विकसित होने की संभावना है।
रूस के प्रतिनिधिमंडल में स्कोल्कोवो फाउंडेशन के निदेशक लियोनिद आर्टेमोव, प्रोजेक्ट मैनेजर अलेक्जेंडर जापोरोज्स्की, ओम्नीटेक एलएलसी के सीईओ एलेक्सी उर्बान्स्की तथा 4जीएनएसएस एलएलसी/ओरिएंट सिस्टम्स ग्रुप के सीईओ एवं सह-संस्थापक सर्गेई लेबेदेव शामिल रहे।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल में ड्रोन टेक मल्टी-स्टेट कोआपरेटिव सोसाइटी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल राकेश कुमार आनंद तथा एवीपीएल इंटरनेशनल (एआईटीएमसी वेंचर्स लिमिटेड) के संस्थापक एवं चेयरमैन दीप सिंह सिसाय शामिल रहे। मुख्यमंत्री के साथ हुई इस बैठक के दौरान मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और मुख्यमंत्री के ओएसडी विवेक कालिया भी मौजूद रहे।
