हरियाणा की राजनीति में लगेगा ग्लैमर का तड़का, डांसर सपना की कांग्रेस में ठुमके की तैयारी
हरियाणा में मशहूर डांसर सपना चौधरी अब राजनीति के मंच पर ठुमके लगाती नजर आ सकती हैं। उनकी सोनिया गांधी व राहुल गांधी से मुलाकात के बाद कांग्रेस में एंट्री की चर्चाएं हैं।
चंडीगढ़, [अनुराग अग्रवाल]। अपने ठुमकों और दिलकश अदाओं से हरियाणा में धमाल मचा चुकी सपना चौधरी अब नई पारी की तैयारी में हैं। बॉलीवुड में एंट्री करने के बाद अब वह कांग्रेस के जरिये राजनीति में नाम कमाने की जुगत में हैं। हिंदी भाषी क्षेत्रों में बच्चे-बच्चे की जुबान पर छाई सपना चौधरी चुनाव लड़ने का इरादा रखती हैैं, लेकिन अभी उन्होंने इसे खुलकर व्यक्त नहीं किया है। सपना दो दिन पहले कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलने दिल्ली पहुंची थींं। कयास हैं कि वह कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं। ऐसे में हरियाणा की राजनीति में ग्लैमर का तड़ाक लग सकता है। वह 2019 के लोकसभा चुनाव में मैदान में नजर आ सकती हैं।
गौरतलब है कि ऐसा सपना देखने वाली चौधरी पहली नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी सभाओं में रंग जमाने वाले रॉकी मित्तल भाजपा का झंडा उंचा कर रहे हैैं तो पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला और अभय चौटाला के कार्यक्रमों में समां बांधने वाले कर्मबीर फौजी भी अरसे चश्मा पहन रहे है।
खास बात यह है कि हरियाणा के ये स्टार अभी तक अपने नेताओं के लिए काम करते थे, लेकिन अब उनके दिलों में बरसों से दबी राजनीति करने की इच्छा उछाल मारने लगी है। तीन दिन पहले रॉकी मित्तल ने लोकसभा चुनाव लड़ने का खुला एलान कर दिया है। मूल रूप से कैथल के रहने वाले रॉकी मित्तल हरियाणा सरकार के 'एक और सुधार' कार्यक्रम के निदेशक हैैं। रॉकी मित्तल ने कुरुक्षेत्र अथवा चंडीगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है।
सपना चौधरी ने पत्रकारों से स्पष्ट कहा कि वह कांग्रेस के लिए काम करना चाहती हैैं। उनके इस इशारे को राजनीति में एंट्री का रास्ता भी माना जा सकता है। इसकी एक वजह यह भी है कि पिछले दिनों सपना चौधरी बेहद परेशान रहीं। गुरुग्राम में आपत्तिजनक रागिनी पर उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ, जिसमें उन्हें सरकार की तरफ से कोई राहत नहीं मिली और वह डिप्रेशन में भी चली गई थी। ऐसे में सपना चौधरी का कांग्रेस प्रेम कोई बड़ी बात नहीं है।
रॉकी मित्तल, सपना चौधरी व कर्मबीर फौजी।
हरियाणा की गायकी में कर्मबीर फौजी भी चमकते सितारे हैं। वह वर्षों से चौटाला परिवार की राजनीतिक रैलियों में माहौल बनाने और भीड़ को संभालने का जिम्मा उठाते रहे हैैं। उन्होंने एक के बाद एक कई हिट गीत लिखे और गाए हैं। फौजी ने अभी हालांकि खुद चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर नहीं की, लेकिन उनके फैन जरूर चाहते हैैं कि वह भी राजनीति में सक्रिय रूप से खुलकर सामने आएं। यही स्थिति मशहूर हरियाणावी गायक गजेंद्र फौगाट की है, जो हरियाणवी गीत-संगीत की दुनिया में फिलवक्त सुपर स्टार माने जाते हैं।
यह भी पढ़ेंः 65 साल की अमेरिकी महिला का हरियाणवी गबरू पर आया दिल, कैथल आकर रचाई शादी