Move to Jagran APP

हरियाणा ने दिल्‍ली से कहा, पानी लेना है तो अपनी नहर बनवा लो

एसवाईएल नहर पर अरविंद केजरीवाल के पंजाब के पक्ष में बयान देने के बाद अब हरियाणा और दिल्‍ली के बीच पानी काे लेकर विवाद पैदा हो गया है। हरियाणा कहा है कि दिल्‍ली को पानी चाहिए तो वह अपनी नहर बनवा ले।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Fri, 18 Mar 2016 10:10 AM (IST)Updated: Sat, 19 Mar 2016 10:54 AM (IST)
हरियाणा ने दिल्‍ली से कहा, पानी लेना है तो अपनी नहर बनवा लो

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा और पंजाब के बीच पानी की जंग में दिल्ली को टांग फंसाना महंगा पड़ गया है। हरियाणा सरकार ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से साफ कह दिया कि दिल्ली तक पानी पहुंचाने का बोझ अब हरियाणा नहीं ढो सकता। दिल्ली सरकार पंजाब के नंगल डैम से दिल्ली तक पानी की सप्लाई के लिए अपनी खुद की नहर का इंतजाम कर ले।

loksabha election banner

हरियाणा के सिंचाई मंत्री ओपी धनखड़ ने लिखी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चिट्ठी

हरियाणा के सिंचाई मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को एक पेज की चिट्ठी लिखकर एसवाईएल नहर के लिए पंजाब का समर्थन करने पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने दिल्ली जा रहे पानी को बंद करने की धमकी देते हुए कहा कि अगर केजरीवाल का एसवाईएल पर यही रुख रहा तो हरियाणा अपनी नहर प्रणाली से दिल्ली तक पानी पहुंचाने में असमर्थ हो जाएगा।

बेवजह बयान देकर फंसे अरविंद केजरीवाल।

केजरीवाल के एसवाईएल पर पंजाब का समर्थन करने से हरियाणा नाराज

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विधानसभा में दिल्ली को पत्र लिखे जाने की तसदीक की है। सिंचाई मंत्री धनखड़ ने केजरीवाल को लिखे पत्र में कहा कि हमें रावी-व्यास में नंगल डैम से हरियाणा व दिल्ली का पानी तो उपलब्ध है, लेकिन पानी को लाने का साधन उपलब्ध नहीं है।

पढ़ें : एसवाईएल पर पंजाब को झटका, सु्प्रीम कोर्ट ने यथास्थिति बनाने को कहा

उन्होंने पत्र में कहा है कि एसवाईएल नहर के जरिए हरियाणा अपने हिस्से का पानी ला सकता है, मगर केजरीवाल ने विरोध कर पंजाब में अपने राजनीतिक स्वार्थ साधने की कोशिश की है। ऐसा कर केजरीवाल ने दिल्ली और हरियाणा दोनों के हितों के साथ खिलवाड़ किया है।

केजरीवाल ने किया था हरियाणा को पानी देने का विरोध

अरविंद केजरीवाल ने पंजाब दौरे के दौरान कहा था कि पंजाब के पास हरियाणा को देने के लिए अतिरिक्त पानी नहीं है। बयान के बाद हरियाणा विधानसभा में केजरीवाल के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पारित किया गया था।

अभी तक इस सिस्टम के जरिए पहुंच रहा दिल्ली पानी

दिल्ली तक पानी पहुंचाने वाली मूनक केनाल।

नंगल डैम से रावी-व्यास के पानी में हरियाणा को 3.5 एमएएफ व दिल्ली को 0.2 एमएएफ पानी आवंटित किया गया था। दिल्ली का 0.2 एमएएफ पानी हरियाणा भाखड़ा मेन लाइन से लेकर आता है, जो हरियाणा की नरवाना ब्रांच, पश्चिम यमुना नहर प्रणाली के माध्यम से दिल्ली को पहुंचता है। इसी तरह, हरियाणा यमुना का 330 क्यूसिक पानी भी पश्चिम यमुना नहर प्रणाली के माध्यम से दिल्ली को पहुंचाता है।

दिल्ली का पानी रोकने के अभय के प्रस्ताव को मनोहर सरकार ने नहीं माना

भाजपा सरकार दिल्ली को अपनी नहर बनाने की चेतावनी तो दे रही है, लेकिन दिल्ली का पानी रोकने को वह उचित नहीं मानती। विपक्ष के नेता अभय चौटाला ने विधानसभा में प्रस्ताव रखा कि दिल्ली को जाने वाले पानी को रोक दिया जाए। जब तक पंजाब से हरियाणा को पानी नहीं मिलेगा, तब तक दिल्ली में भी पानी नहीं जाएगा। ऐसा होने से केंद्र व दिल्ली सरकार के साथ-साथ वहां के लोगों को भी पता चलेगा कि हरियाणा व पंजाब के बीच किस बात को लेकर झगड़ा है।

चौटाला के इस प्रस्ताव पर सरकार ने चर्चा करने से ही इनकार कर दिया। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि केजरीवाल को अधिक अहमियत दिए जाने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पंजाब अगर असंवैधानिक कार्य कर रहा है तो उसके लिए लड़ाई लड़ी जा रही है। दिल्ली के सीएम अगर मर्यादा तोड़ रहे हैं तो हम उनकी तरह नहीं हो सकते।

विज ने भी केजरीवाल पर साधा निशाना

हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने भी दिल्ली के मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है। विज ने एक ट्विट कर कहा है कि केजरीवाल का जन्म हरियाणा में हुआ। वह कह रहे हैं कि पंजाब से हरियाणा को पानी नहीं मिलना चाहिए। ऐसे में जो व्यक्ति अपने प्रदेश का नहीं हो सका वह किसी और का क्या होगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.