हरियाणा बिजली संकट पर AAP का सरकार पर हमला, अनुराग ढांडा ने प्राइवेट कंपनियों को लाइसेंस देने पर उठाए सवाल
आम आदमी पार्टी के अनुराग ढांडा ने हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से उत्पन्न बिजली-पानी संकट पर सरकार को घेरा है।

हरियाणा बिजली संकट पर AAP का सरकार पर हमला (फाइल फोटो)
HighLights
AAP ने हरियाणा में बिजली-पानी संकट पर सरकार को घेरा।
निजी कंपनी को बिजली वितरण लाइसेंस पर अनुभव, क्षमता पर सवाल।
गुरुग्राम, नूंह सहित कई जिलों में बिजली-पानी की किल्लत।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से बिजली-पानी संकट पर मचे हाहाकार को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा हमलावर हो गए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि नूंह और गुरुग्राम में जिस निजी कंपनी को बिजली वितरण का पैरलल लाइसेंस दिया गया है, उसके पास न कोई अनुभव है और न कंपनी वित्तीय क्षमता मानकों पर खरी उतर रही है।
ढांडा ने कहा कि पिछले 36 घंटे से गुरुग्राम, अंबाला, रोहतक, हिसार, करनाल, कुरुक्षेत्र समेत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से बिजली-पानी की किल्लत की शिकायतें आ रही हैं।
सवाल यह है कि सरकार इलेवन पावर्स प्राइवेट लि. पर मेहरमान क्यों है। कंपनी की पेड-अप कैपिटल एक करोड़ रुपये बताई जा रही है, कंपनी लगभग 4700 करोड़ के निवेश की बात कर रही है। कंपनी को 25 साल के लिए बिजली वितरण की जिम्मेदारी दिया जाना हैरान कर देने वाला है।
