विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 08, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Haryana Politics: किसे राज्यसभा भेजेगी BJP? मोहनलाल बड़ौली ने कर दिया साफ, मोदी रत्न-मोदी मित्र उपाधि से कौन होंगे सम्मानित

Published: Sun, 08 Dec 2024 06:52 PM (IST)

हरियाणा में भाजपा का सदस्यता अभियान लक्ष्य से कम रहा। 50 लाख के लक्ष्य के विपरीत सिर्फ 30 लाख सदस्य ...और पढ़ें

Haryana Politics: प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते मोहनलाल बड़ौली।
Haryana Politics: प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते मोहनलाल बड़ौली।

HighLights

  1. मोदी रत्न और मोदी मित्र की उपाधि से सम्मानित होंगे भाजपा का परिवार बढ़ाने वाले।
  2. 50 लाख सदस्य बनाने के लक्ष्य के विपरीत सिर्फ 30 लाख सदस्य ही बना पाई भाजपा।
  3. पार्टी छोड़कर गए नेता टोलफ्री नंबर पर डायल कर ले सकेंगे पार्टी की सदस्यता।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के विधानसभा चुनाव में 55 लाख से अधिक वोट हासिल करने वाली भाजपा 50 लाख सदस्य बनाने के लक्ष्य के विपरीत सिर्फ 30 लाख सदस्य ही बना पाई है। कई सांसदों और विधायकों द्वारा पार्टी के सदस्यता अभियान में अपेक्षित रुचि नहीं लेने के कारण ऐसी स्थिति बनी है।

सांसदों को 30 हजार, लोकसभा व विधानसभा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को 20 हजार, चेयरमैनों को पांच हजार, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों को तीन हजार तथा जिले के पदाधिकारियों को 1500 सदस्य बनाने का दायित्व पार्टी की ओर से सौंपा गया था।

बन चुके हैं 14 हजार सक्रिय सदस्य

भाजपा ने मंडलों के पदाधिकारियों को एक हजार सदस्य बनाने की जिम्मेदारी प्रदान की थी, मगर सदस्यता अभियान की अवधि पूरी होने के बाद पार्टी को अपना लक्ष्य पूरा करने में सफलता नहीं मिल पाई है। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने रविवार को चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि भाजपा करीब 50 हजार सक्रिय सदस्य बनाएगी।

इनमें से करीब 14 हजार सक्रिय सदस्य बन चुके हैं। 50 लोगों को पार्टी का सदस्य बनाने वाले को भाजपा में सक्रिय सदस्य बनाया जाता है। सांसद और विधायक तथा पार्टी के उम्मीदवार इस लक्ष्य को पूरा करने में लगे हैं। सदस्यता अभियान अनवरत प्रक्रिया है।

17 दिसंबर को जिला स्तर पर सक्रिय सदस्यों की पहली सूची जारी कर दी जाएगी, जिसके बाद संगठन के चुनाव की प्रक्रिया आरंभ होगी। बडौली ने राज्यसभा उम्मीदवार से जुड़े सवाल पर कहा कि 30 लाख पार्टी के सदस्यों में से ही कोई न कोई राज्यसभा में जाएगा।

उन्होंने बताया कि 10 दिसंबर तक सक्रिय सदस्य बनाने का अभियान चलेगा, जिसकी तारीख बढ़ाई जा सकती है। जिन कार्यकर्ताओं ने 10 हजार से ज्यादा सदस्य बनाए हैं उन्हें मोदी मित्र के नाम से सम्मानित किया जाएगा और 20 हजार से अधिक सदस्य बनाने वालों को मोदी रत्न तथा टारगेट पूरा करने वालों को भी सम्मानित किया जाएगा।

'पानीपत में विकास के नए रास्ते खुलेंगे'

उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव की अगर घोषणा होती है तो भाजपा संगठन की गतिविधियों को रोक दिया जाएगा और चुनाव के बाद फिर से इसे शुरू किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कुंडली तक मेट्रो व पानीपत तक जीटी रोड के साथ रेल लाइन आने से सोनीपत और पानीपत में विकास के नए रास्ते खुलेंगे।

किसानों के आंदोलन से जुड़े सवाल पर बडौली ने कहा कि यह किसानों का देश है और किसानों की कोई मांग गलत नहीं होती। मुख्यमंत्री ने किसान हित में अच्छे प्रयास किए हैं और 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने की गारंटी दी है। हरियाणा का किसान सरकार के काम से खुश है।

इसलिए हरियाणा का किसान आंदोलन में शामिल नहीं हो रहा है। कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस आंदोलन की आड़ में राजनीति करने का काम करती है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा 10 साल मुख्यमंत्री रहे हैं, उन्हें अगर कहीं भ्रष्टाचार नजर आता है तो उसकी पूरी जानकारी देनी चाहिए।