हरियाणा में सियासी घमासान, गरीब की रसोई से किसान की मंडी तक, विपक्ष के हमलों पर अनिल विज का पलटवार
हरियाणा में कांग्रेस और इनेलो ने भाजपा सरकार को गरीब परिवारों के लिए सरसों तेल बंद करने और धान खरीद में देरी जैसे मुद्दों पर घेरा।

हरियाणा श्रम मंत्री अनिल विज (फाइल फोटो)
HighLights
कांग्रेस ने बीपीएल परिवारों को सरसों तेल वितरण बंद करने का मुद्दा उठाया
इनेलो ने मंडियों में धान खरीद में देरी और किसानों की समस्याओं पर सरकार को घेरा
अनिल विज ने विपक्ष के आरोपों को खारिज कर सरकार की नीतियों का बचाव किया
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में सियासी तापमान बढ़ रहा है। गरीब परिवारों की रसोई में मिलने वाले सरसों तेल से लेकर मंडियों में धान की खरीद तक कांग्रेस और इनेलो ने भाजपा सरकार को घेरा है।
दूसरी ओर परिवहन, बिजली एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए सरकार की किसान नीतियों का बचाव किया और कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर पलटवार किया।
कांग्रेस महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बीपीएल परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले दो लीटर सरसों तेल का वितरण बंद किए जाने का मुद्दा उठाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पहले बड़ी संख्या में बीपीएल राशन कार्ड काटे गए और अब करीब 39.89 लाख परिवारों की आय जांच की जा रही है। सुरजेवाला ने कहा कि महंगाई के दौर में तेल जैसी बुनियादी सुविधा बंद होने से गरीब परिवारों के घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ेगा।
इनेलो प्रमुख अभय सिंह चौटाला ने किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उनका आरोप है कि 22 सितंबर तक मंडियों में धान की सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई है, जिससे किसान कम कीमत पर फसल बेचने को मजबूर हैं।
उन्होंने बारदाने की कमी, खरीद प्रक्रिया की धीमी गति और मंडियों में फसल के इंतजार का मुद्दा भी उठाया। अभय ने मांग की कि हर मंडी में तत्काल खरीद शुरू हो, एमएसपी से नीचे खरीद पर रोक लगे तथा उठान और भुगतान में देरी न हो।
विपक्ष के आरोपों के बीच हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों को एमएसपी पर फसल खरीद और सालाना छह हजार रुपये की सहायता समेत कई स्तरों पर समर्थन मिल रहा है। सुरजेवाला के किसान संबंधी आरोपों पर विज ने कहा कि पिछली सरकारों ने किसानों के लिए ऐसा काम नहीं किया।
अनिल विज ने पंजाब की राजनीति को लेकर भी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा के अभियान से विपक्ष में बेचैनी है और दावा किया कि जनता ने इन दलों के वजूद को नकार दिया है। उनका कहना था कि कांग्रेस का जहाज डूब रहा है और कोई उसमें सवार नहीं होना चाहता।
