विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में अपराधियों की अब खैर नहीं, DGP ने की अधिकारियों के साथ बैठक; नशा के खिलाफ प्लान तैयार

Published: Fri, 02 Oct 2026 04:12 PM (IST)

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक ने नशा तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, जिसमें तस्करों के नेटवर्क और वित्तीय स्रोतों पर प्रहार करने को कहा गया है।

पुलिस अधिकारियों के साथ की बैठक (जागरण फोटो)

पुलिस अधिकारियों के साथ की बैठक (जागरण फोटो)

HighLights

  1. नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क और वित्तीय स्रोतों पर प्रहार

  2. अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को जब्त कर ध्वस्त किया जाएगा

  3. संगठित अपराधों, गैंगस्टर नेटवर्क पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित रहने की बजाय उनके पूरे नेटवर्क और वित्तीय स्रोतों पर प्रहार किया जाए।

पुलिस महानिदेशक ने नशा तस्करों द्वारा अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें नियमानुसार अटैच करने तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस महानिदेशक पंचकूला में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशकों, पुलिस महानिरीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक ले रहे थे।

बैठक में विभिन्न मुद्दों को लेकर दी गई जानकारी

इस बैठक में नशा तस्करी, संगठित अपराध, गैंगस्टर नेटवर्क, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की पुलिस अधीक्षक सृष्टि गुप्ता ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई पर प्रस्तुति दी। इसमें एनडीपीएस एक्ट के तहत जांच, कामर्शियल क्वांटिटी के मामले, संगठित गिरोहों की पहचान और के-9 डाग स्क्वाड की भूमिका की जानकारी दी गई।

ब्यूरो प्रमुख एडीजीपी संजय कुमार ने संगठित नशा तस्करी गिरोहों के नेटवर्क को ध्वस्त करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की कार्यप्रणाली की शीघ्र समीक्षा कर जिला स्तर पर उसके प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा। साथ ही, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता और सूचना तंत्र मजबूत होगा।

पुलिस महानिदेशक ने फिरौती के लिए धमकियों और संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश देते हुए अपराधियों के संपर्कों, युवाओं की भर्ती के तरीकों और संचार माध्यमों का विश्लेषण करने को कहा। जेलों में बंद अपराधियों के आपसी संपर्कों पर भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए सीसीटीवी नेटवर्क मजबूत करने पर जोर दिया।

हरियाणा में करीब 1.25 लाख सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। होटल, बैंक, ज्वेलरी शाप, बाजार, आरडब्ल्यूए और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सड़क की ओर कैमरे लगाने के लिए संबंधित संस्थानों से समन्वय करने को कहा गया है। बैठक में महिला अपराध, गुमशुदा बच्चों की तलाश और धरना-प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई के निर्देश दिए गए।